Virginity : हम 21वीं सदी में भले जी रहे हैं मगर आज भी लड़के यही चाहते हैं कि उन की शादी जिस भी लड़की से हो वह पूरी तरह से वर्जिन हो यानि लड़की ने इस से पहले कभी किसी दूसरे लड़के के साथ कोई संबंध न बनाए हों. पर क्या यह सोच आज के जमाने के हिसाब से सही है?
शादी के समय लड़कियों से उन की वर्जिनिटी के बारे में जरूर पूछा जाता है पर लड़कों से यह सवाल कोई नहीं करता. वह लड़का भी अपने लिए शादी के दौरान वर्जिन लड़की चाहता है जिस ने खुद कई लड़कियों के साथ संबंध बनाए होते हैं. कई लड़कों की ऐसी सोच होती है कि अगर कोई लड़की वर्जिन नहीं है तो उन का चरित्र सही नहीं है.
चरित्र पर न उठाएं सवाल
आखिर एक लड़की से ही क्यों पूछा जाता है कि वह वर्जिन है या नहीं? हमें इस बात को समझना चाहिए कि जैसे लड़कों के रिलेशनशिप्स होते हैं वैसे ही लड़कियों के भी होते हैं.
आज के समय में गर्लफ्रैंड बौयफ्रैंड बनाना कोई बड़ी बात नहीं है. यहां तक कि स्कूल के समय से ही लोग रिलेशनशिप्स में आने लग जाते हैं और कालेज तक आतेआते तो वे सबकुछ सीख जाते हैं. तो ऐसे में अगर लड़के रिलेशनशिप में आते हैं तो लड़कियां भी आती हैं और रिलेशनशिप में आने के बाद फिजिकल ऐक्टिविटी होना भी काफी नौर्मल सी बात है और यह जरूरी नहीं है कि जिस लड़के या लड़की के साथ हम रिलेशनशिप में आते हैं उसी के साथ हमारी शादी भी हो.
कई कारणों से हम अपनी गर्लफ्रैंड या अपने बौयफ्रैंड से शादी नहीं कर पाते तो ऐसे में अगर किसी लड़की की वर्जिनिटी लूज हो गई हो तो किसी को हक नहीं बनता कि कोई उस लड़की के करैक्टर पर कोई सवाल उठा सके.
हर लड़की की करें रिस्पैक्ट
कई लोग ऐसा भी सोचने लगते हैं कि वर्जिन लड़की के साथ सैक्स करने में ज्यादा आनंद आता है और अगर लड़की वर्जिन नहीं होगी तो उस के साथ सैक्स करने में कम आनंद मिलता है जो कि बिलकुल गलत है. वर्जिनिटी लूज करना कोई बहुत बड़ा अपराध नहीं है तो लड़कों को इस बात को समझना चाहिए और हर लड़की की रिस्पैक्ट करनी चाहिए फिर चाहे लड़की वर्जिन हो या नहीं.
वर्जिनिटी को ले कर लोगों की सोच
ऐसा माना जाता है कि शादी के बाद पहली रात को जब सैक्स करते हैं और सैक्स के दौरान अगर लड़की के प्राइवेट पार्ट से खून निकलता है तो इस का मतलब उस ने पहली बार सैक्स किया है और वह पूरी तरह से वर्जिन थी और अगर सैक्स के दौरान खून नहीं निलकता तो वह वर्जिन नहीं थी.
यह सोचना बिलकुल गलत है क्योंकि जरूरी नहीं है कि अगर लड़की वर्जिन है तो खून निकलेगा ही. कई बार वर्जिन लड़कियों का भी सैक्स के समय खून नहीं निकलता तो हमें अपनी सोच को बदलना होगा.
वर्जिन होना या नहीं होना किसी के करैक्टर को नहीं दर्शाता तो ऐसे में अपनी सोच को बदलिए और लड़कियों की वर्जिनिटी के बारे में मत सोचिए बल्कि लड़की दिल से कैसी है और आप से कितना प्यार करती है इस बात पर गौर कीजिए.