News Story. जब विजय अनामिका के घर पहुंचा तो उस का मूड खराब लग रहा था. अनामिका समझ गई थी कि आज कुछ खास बात है.

‘‘तुम्हारे पास नीले रंग की स्याही है? बहुत सारी?’’ विजय ने सवाल दागा.

‘‘अरे यार, आजकल कौन स्याही का इस्तेमाल करता है. पर तुम्हें अचानक दीवाली के समय होली के रंग क्यों याद आ रहे हैं?’’ अनामिका ने पूछा.

‘‘तुम मेरा दिमाग मत सटकाओ. किसी भी तरह का नीला रंग है क्या?’’ विजय बोला.

‘‘देखो मेरे पास नीले रंग की शेड्स वाली कुछ नेल पौलिश रखी हैं. उन से काम चल जाएगा?’’ अनामिका ने पूछा, ‘‘पर तुम्हारा मूड क्यों उखड़ा हुआ है? सब ठीक है न?’’

‘‘तुम आज सारी नेल पौलिश एक प्लेट में उड़ेल कर ले आओ. और मुझ  से कुछ भी मत पूछना, चाहे मैं उस का कुछ भी करूं,’’ विजय बोला.

अनामिका ने वैसा ही किया जैसा विजय ने कहा. जैसे ही प्लेट आई, तो विजय ने अपने बैग से एक लाल रंग की वैसी ही कैप निकाली, जैसी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहनते हैं. उस पर बड़े अक्षरों में एमएजीए (मागा) लिखा था. इस का मतलब है ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’. कुछ कुछ वैसा ही जैसा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के ‘विश्वगुरु’ होने का नारा देते हैं. डोनाल्ड ट्रंप भी इसी तरह अमेरिका को दोबारा सर्वश्रष्ठ बनाने की बात करते हैं.

विजय ने वह लाल रंग की कैप नीले रंग में रंगनी चाही, जिस से वह खराब हो गई. ‘मागा’ बदरंग होने लगा.

अनामिका ने अपना माथा पीट लिया और चिल्लाई, ‘‘तुम ने अपनी कैप खराब करने के लिए मेरी नेल पौलिश बरबाद कर दी… इस सब का क्या मतलब है?’’

‘‘तुम तो जानती हो कि जिस तरह डोनाल्ड ट्रंप अपने देश और गोरों के प्रति सौफ्ट कौर्नर रखते हुए विदेशियों के प्रति कट्टर स्वभाव के हैं, वैसे ही मैं भी इसी तरह के कट्टरपन का हिमायती रहा हूं, पर अब मेरा मोह भंग होने लगा है…’’

‘‘तुम थोड़ा रिलैक्स करो और बालकनी में चाय पीते हुए मुझे सब बताओ,’’ अनामिका बोली.

थोड़ी देर के बाद वे दोनों बालकनी में चाय पी रहे थे. विजय ने कहा, ‘‘अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की हार मुझ जैसों के लिए बड़ा सबक है.’’

‘‘वह कैसे? तुम मुझे पूरी बात समझाओ…’’ अनामिका ने कहा.

इस पर विजय ने कहा, ‘‘खबरों के मुताबिक, ‘‘अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में डैमोक्रैटिक पार्टी ने सीनेट की 100 सीटों में से 54 सीटें जीत कर लगातार चुनावी जीत के बाद कांग्रेस के ऊपरी सदन पर अपना कब्जा कर लिया. प्रतिनिधि सभा में डैमोक्रैटिक पार्टी ने 224 सीटें जीत कर बहुमत के लिए जरूरी 218 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि रिपब्लिकन पार्टी ने 435 सीटों में से 135 सीटें हासिल की हैं. वोटों की गिनती जारी थी.

‘‘इतना ही नहीं, चुनाव नतीजों पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वे चुनाव नतीजों को स्वीकार करेंगे.

‘‘अमेरिका प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों, सीनेट की 100 में से 35 सीटों और 36 राज्यपालों के लिए वोटिंग हुई. डैमोक्रैटिक पार्टी की इस जीत का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बाकी बचे कार्यकाल खासतौर पर अमेरिका कांग्रेस के कामकाज और उन के प्रशासन के विधायी एजेंडे पर खास पड़ने की उम्मीद है,’’ विजय ने आगे बताया.

‘‘पर डोनाल्ड ट्रंप तो अभी भी अमेरिका के राष्ट्रपति हैं. उन पर क्या असर पड़ेगा?’’ अनामिका ने सवाल किया.

विजय बोला, ‘‘चुनाव के बाद कांग्रेस में हुए इस बदलाव को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए झटका माना जा रहा है. चुनाव नतीजों के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘ईरान के साथ युद्ध और बढ़ती महंगाई के चलते रिपब्लिकन पार्टी के कई उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा.’

‘‘वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि हमारी हार ईरान युद्ध के कारण हुई है.’’

‘‘तो क्या डोनाल्ड ट्रंप की हार की वजह सिर्फ ईरान से लड़ाई करना है?’’ अनामिका ने पूछा.

‘‘खबरों की मानें तो ऐसा भी नहीं है. देखा जाए तो अमेरिकी वोटर घरेलू सामान की बढ़ती कीमतों से जूझ  रहे हैं. इन चुनावों में यह गुस्सा साफ दिखाई दिया.

‘‘उत्तरी कैरोलिना की एक वोटर ने चुनाव से पहले बीबीसी न्यूज को बताया, ‘पैट्रोल की कीमतें और किराने का सामान, सबकुछ महंगा हो रहा है.’

‘‘उन्होंने आगे कहा कि इस बार उन्होंने रिपब्लिकन की जगह डैमोक्रैटिक पार्टी को वोट दिया है.

‘‘तेल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते पिछले एक साल में 3.7 फीसदी महंगाई बढ़ी है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्तूबर की शुरुआत में अमेरिका में डीजल की औसत खुदरा कीमत रिकौर्ड लैवल से थोड़ी ही कम थी. सितंबर में कीमत 6.52 डौलर प्रति गैलन थी.

‘‘वोटर सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि तकरीबन 10 में से 8 वोटरों यानी 79 फीसदी ने कहा कि महंगाई की वजह से उन्हें और उन के परिवार को पिछले साल कई तरह की परेशानी झेलनी पड़ी.

‘‘सर्वे में 10 में से 6 से ज्यादा लोगों ने इस के लिए डोनाल्ड ट्रंप को जिम्मेदार ठहराया. उन का कहना था कि सामान्य से ज्यादा कीमतें राष्ट्रपति की नीतियों की वजह से हैं,’’ विजय ने कहा.

‘‘मतलब कह सकते हैं कि ईरान से युद्ध के बाद अमेरिका में महंगाई बढ़ी है?’’ अनामिका ने सवाल किया.

‘‘बिलकुल. बढ़ती महंगाई का एक बड़ा कारण ईरान के साथ युद्ध है. इसे अमेरिका और इजराइल ने फरवरी में शुरू किया था. इस के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई में होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर दिया. इस से ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ गईं. यह रास्ता दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आवाजाही के लिए बेहद अहम है. तब से अमेरिकी वोटर पैट्रोलपंप पर इस की कीमत चुका रहे हैं.

‘‘युद्ध का यह फैसला ज्यादातर अमेरिकियों को पसंद नहीं आया. डोनाल्ड ट्रंप का ‘मागा रिपब्लिकन’ भी वोटरों को अधूरा वादा ही लगा है. ‘अमेरिका फर्स्ट’ अभियान में ट्रंप ने भविष्य में कोई युद्ध न करने का वादा किया था. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

‘‘एक वोटर सर्वे में तकरीबन 10 में से 6 यानी 63 फीसदी लोगों ने कहा कि अमेरिका का ईरान के खिलाफ सैनिक कार्रवाई करने का फैसला गलत था.

‘‘इस के अलावा, तीनचौथाई वोटरों यानी 74 फीसदी ने कहा कि यह विवाद कांग्रेस के लिए उन के वोट में एक अहम या बड़ा फैक्टर था.

‘‘यही वजह है कि वोटिंग के अगले दिन सुबह डोनाल्ड ट्रंप ने माना कि युद्ध ने हार (मिडटर्म इलैक्शन) में बड़ी भूमिका निभाई है. लेकिन ‘फौक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में उन्होंने जोर दे कर कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए दखल देने के अलावा उन के पास कोई औप्शन नहीं था.

‘‘वैसे देखा जाए तो इस बस के मिडटर्म चुनाव में डैमोक्रैटिक पार्टी की इस लहर का पैमाना और दायरा कुछ मजबूत उम्मीदवारों की वजह से मुमकिन हुआ. रिपब्लिकन पार्टी के गढ़ में भी ये उम्मीदवार सच्चे और भरोसेमंद लगे. यहां तक कि खुद ट्रंप ने भी डैमोक्रैट्स की तारीफ की. उन्होंने ‘फौक्स न्यूज’ से कहा कि उन्होंने ‘अच्छा काम किया’.

‘‘इस के उलट, कुछ रिपब्लिकन उम्मीदवारों की आलोचना हुई. वजह यह थी कि उन के चुनाव प्रचार में वोटरों की चिंताओं पर काफी ध्यान नहीं दिया गया. इस के अलावा जिन 2 मुद्दों यानी बढ़ती कीमतें और ईरान युद्ध पर वोटर सब से ज्यादा नाखुश थे वे सीधे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जुड़े थे. रिपब्लिकन वोटरों के बीच भी उन की लोकप्रियता रेटिंग गिर गई थी. इस से 2024 में जिन राज्यों में उन की जीत हुई थी. वहां भी पार्टी अच्छा नहीं कर पाई.

‘‘अपने समर्थकों को अपने पक्ष में करने के लिए डोनाल्ड ट्रंप ने वोटरों से कहा कि वे मान लें कि वे खुद चुनाव में उम्मीदवार हैं. लेकिन अमेरिकी राजनीति में 10 साल से ज्यादा समय तक केंद्र में रहने के बाद, अब कुछ लोग इन नतीजों को इस बात का सुबूत मानते हैं कि ट्रंप की छवि धूमिल पड़ रही है.’’

‘‘फिर तो चीन भीतर ही भीतर खुश होगा?’’ अनामिका ने पूछा.

‘‘चीन और अमेरिका के बीच इस सदी की सब से बड़ी सुपरपावर बनने की दौड़ है. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को शायद लगता है कि उन का पलड़ा भारी है. वे चीन में डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं.

‘‘तुम्हें याद होगा कि अमेरिकी उद्योग को सस्ते चीनी सामान से बचाने के लिए डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका आने वाले चीनी सामान पर टैरिफ लगाया. लेकिन शी जिनपिंग ने जवाब में और भारी टैरिफ लगा दिया, जिस से ट्रंप की योजना नाकाम हो गई. नतीजा यह हुआ कि अमेरिकियों के लिए कई चीजें महंगी हो गईं. इन में खिलौने और कपड़ों जैसी छोटीछोटी चीजें भी शामिल थीं.

‘‘चीन ने अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद भी बंद कर दी. इस से ट्रंप का समर्थन करने वाले राज्यों के किसानों को भी नुकसान हुआ था. इन सब हालात के मद्देनजर चीन को लग सकता है कि मिडटर्म चुनाव के बाद डोनाल्ड ट्रंप समझोता करने की कोशिश करेंगे.’’

‘‘तो भारत में कांग्रेस पार्टी ने इस चुनाव को कैसे देखा?’’ अनामिका का अगला सवाल था.

‘‘यह बड़ा दिलचस्प है. कांग्रेस ही नहीं बल्कि सभी विपक्षी पार्टियां बारबार यह कह रही हैं कि जब से मोदी सरकार आई है तब से निर्माण के नाम पर मंदिर ही फलेफूले हैं. महंगाई रोजाना बढ़ रही हैं. रोजगार का अकाल है. देश में हिंदमुसलिम के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है. मोदी सरकार तानाशाही की ओर बढ़ रही है, तभी देश के नौजवान अपनी बात कहने के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं.

‘‘अब जबकि डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका लगा है, तो कांग्रेस के नेता इसे भारत की राजनीति से जोड़ कर देख रहे हैं. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा कि अमेरिका के मिडटर्म चुनावों ने एक चौंकाने वाला फैसला सुनाया है और राष्ट्रपति ट्रंप को साफतौर पर नकार दिया है. लोगों से परे ये नतीजे दिखाते हैं कि मिडटर्म चुनाव जवाबदेही तय करने में कितनी ताकत रखते हैं.

‘‘जयराम रमेश ने लिखा कि हमारे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार जिस ‘वन नेशन, वन इलैक्शन’ के विचार को बढ़ावा दे रही है, वह जवाबदेही तय करने वाले इस माध्यम को काफी हद तक कमजोर कर देगा. अमेरिका के मिडटर्म चुनावों ने उस संस्थागत संतुलन को भी बहाल किया है, जो एक संवैधानिक लोकतंत्र का मूल आधार होता है. भारत में 2014 के बाद से यह संतुलन खतरनाक तरीके से बिगड़ गया है.’’

‘‘मैं तो पहले ही कहती थी. अमेरिका के साथसाथ अगर हम इजराइल की बात करें तो वहां भी युद्ध ने चुनाव पर असर डाला है. वहां भी नेतन्याहू सरकार को एक तरह से जनता ने नकार दिया है. युद्ध किसी भी देश की जनता नहीं चाहती है. वह धर्म, जाति, लिंगभेद, की राजनीति से ऊब चुकी है.

‘‘भारत की वर्तमान सरकार के खिलाफ जो नौजवान पीढ़ी आई है, उस की सब से बड़ी वजह यह है कि उसे कुछ भी ठोस होता नही दिखाई दे रहा है. यह खतरे की घंटी है. अमेरिका में लाल रंग पर नीला रंग चढ़ गया है और यहां भगवा रंग का जोर फीका होने लगा है. निर्माण ही किसी देश की तरक्की का एकमात्र कारण होता है, जबकि युद्ध से हम पिछड़ जाते हैं. सदियों पीछे.’’

विजय अनामिका को देखता रह गया. दूर आसमान में नारंगी सूरज ढल रहा था.  News Story

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...