Honor killing. बहन ने अपनी मरजी से शादी क्या की, एक भाई के खून में इतना उबाल आया कि उस ने ऐसा कांड कर दिया कि 2 परिवार एकदम से उजड़ गए.
यह मामला मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के जानसठ मार्ग इलाके का है, जहां पर चूना भट्ठी के निकट अपने दोस्त के साथ खड़े बिहारीपुर गांव के 24 साल के अक्षय कुमार पर हमलावरों ने लाठीडंडों और ईंटों से हमला कर दिया और फरार हो गए.
बाद में मेरठ के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान अक्षय कुमार की मौत हो गई. पुलिस की जांच में सामने आया कि अक्षय कुमार ने डेढ़ साल पहले पड़ोसी गांव सराय रसूलपुर की लड़की से कोर्ट मैरिज की थी, जिस के बाद दोनों नोएडा में रह रहे थे.
जांच में यह सच भी उजागर हुआ कि बिहारीपुर गांव के अक्षय कुमार के परिवार के कुछ लोग सराय रसूलपुर में रहते हैं.
अक्षय कुमार वहां आताजाता था तो उस का वहां की एक लड़की के साथ इश्क हो गया. जब घर वालों ने इस बात का विरोध किया तो वे दोनों डेढ़ साल पहले घर से चले गए और प्रयागराज जा कर कोर्ट मैरिज कर ली.
अक्षय कुमार निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था और वह अपनी पत्नी के साथ नोएडा में ही रह रहा था. सोमवार, 26 अक्तूबर, 2026 को वह किसी काम से खतौली गया था. शाम साढ़े 6 बजे वह अपने दोस्त आकाश के साथ चूना भट्ठी के पास खड़े हो कर बात कर रहा था.
इसी दौरान अक्षय कुमार की पत्नी के भाई समेत हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ईंटों के अलावा लाठीडंडों से हमला कर दिया. बीचबचाव में आकाश भी घायल हो गया. शोरशराबा होने पर हमलावर भाग गए.
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि मारे गए अक्षय कुमार के भाई राहुल कुमार ने पहले जानलेवा हमले की एफआईआर दर्ज कराई थी.
अब इसे हत्या की एफआईआर में बदल दिया गया है और अक्षय कुमार की पत्नी के सगे भाई समेत 2 लोग हिरासत में लिए गए हैं. अक्षय कुमार 6 बहनों का एकलौता भाई था. Honor killing




