Hindi Kahaniyan. रजत के दोनों हाथ रस्सी से बंधे थे और थानेदार बाबूलाल उस की पीठ पर दनादन लाठियां बरसा रहा था. वह दर्द से बुरी तरह चीख रहा था.

‘‘बोल, प्रियंका का बलात्कार तू ने ही किया है, नहीं तो तेरी हड्डीपसली एक कर दूंगा,’’ थानेदार ने उस के सिर के बाल खींचते हुए कहा.

‘‘बलात्कार मैं ने नहीं किया साहब,’’ रजत ने तड़प कर कहा, ‘‘मैं तो उसे केवल घर छोड़ने गया था. यकीन नहीं आता, तो प्रियंका से ही पूछ लो.’’

‘‘ठहर जा, वह भी अभी आने वाली है,’’ थानेदार ने हाथ में डंडा हिला कर कहा और बड़बड़ाते हुए कुरसी पर जा बैठा.

अगले पल प्रियंका अपने मांबाप के साथ थाने पहुंच चुकी थी. उसे देखते ही रजत का चेहरा खिल उठा. उस के दिल में रिहाई की उम्मीद जाग उठी थी.

वह रिरिया कर बोला, ‘‘प्रियंका, ये लोग मुझे तंग कर रहे हैं. प्लीज, इन्हें सचाई बता दो न.’’

‘‘बोलो प्रियंका,’’ थानेदार ने पुलिसिया अंदाज में दबाव दे कर पूछा.

प्रियंका ने एकटक रजत को देखा और फिर थानेदार से बोली, ‘‘बलात्कार इसी ने किया था.’’

यह सुन रजत हैरानी से प्रियंका को देखने लगा. वह प्रियंका के मकसद को भांप नहीं पाया था. वह फिर गिड़गिड़ा कर बोला, ‘‘मैं तुम्हारे सामने हाथ जोड़ता हूं प्रियंका. मुझे मत फंसाओ, वरना मेरी जिंदगी बरबाद हो जाएगी.’’

रजत चिल्लाचिल्ला कर अपनी बेगुनाही की भीख मांगता रहा, लेकिन प्रियंका ने उस की एक न सुनी. वह फौरन मांबाप के साथ थाने से खिसक गई.

‘‘अब ज्यादा नाटक मत कर,’’ थानेदार ने उस के गाल पर तमाचा जड़ते हुए कहा, ‘‘इश्क की इतनी ही भूख थी, तो किसी धंधेवाली के पास चला जाता. अब पीसना सारी उम्र जेल की चक्की.’’

कुछ देर बाद थानेदार ने चार्जशीट तैयार कर के धारा 376 के जुर्म में उस का चालान कर दिया था.

रजत के जेल जाते ही सारे महल्ले में हंगामा मच गया था. कल तक जो लोग उस के मांबाप की इज्जत करते थे, आज उन पर थूथू करने लगे थे. घर से बाहर निकलते तो गुस्साए लोग उन्हें गालियां तक देने लगे.

रजत के मांबाप का जीना दूभर हो गया था. अब उन्हें भी अपने बेटे से नफरत होने लगी थी, क्योंकि प्रियंका ने रजत के मांबाप को भी उस की करतूत बता दी थी.

अपनी छोटी सी नौकरी से बचत करकर के गिरधर ने एकलौते बेटे को कितनी लगन से पढ़ाया था. मां प्रभा के हाथों में सिलाई करतेकरते छेद हो गए थे. वे दोनों रजत के लिए अच्छी नौकरी के सपने देखते थे.

वह भी उन की उम्मीदों पर खरा उतरा था. इसी साल उस ने बीए का इम्तिहान अव्वल दर्जे में पास किया था. पढ़ना तो वह आगे भी चाहता था, लेकिन घर की हालत देख कर उस ने पढ़ाई छोड़ दी और एक फैक्टरी में नौकरी करने लगा.

रिश्तेदारों और मिलनेजुलने वालों ने भी गिरधर और प्रभा से संबंध तोड़ लिए थे. आखिरकार उन दोनों ने एक दिन गले में रस्सी का फंदा डाल अपनी जीवनलीला खत्म कर ली थी. उन्होंने सुसाइड नोट में लिखा था कि वे अपनेआप को समाज के सामने मुंह दिखाने लायक नहीं समझ रहे थे. उन के नालायक बेटे ने उन की आबरू धो डाली थी.

मांबाप की मौत की खबर सुन कर रजत फड़फड़ा उठा. उसे समझने में देर न लगी कि उस के जेल जाने के सबब से उस के मांबाप ने खुदकुशी की है.

आज रजत के केस का आखिरी फैसला होना था. अदालत सुबह से ही खचाखच भरी थी. सभी रजत की सजा सुनने के लिए बेचैन थे.

रजत नजरें झुकाए कठघरे में खड़ा था. उस को सजा होना तो तय था, क्योंकि विधायक कई झूठे गवाह पहले ही खड़े कर चुका था.

इंसाफ की कुरसी पर बैठे जज साहब पैनी आवाज में बोले, ‘‘तमाम सुबूतों और गवाहों के मद्देनजर अदालत इस नतीजे पर पहुंची है कि रजत ने प्रियंका का बलात्कार किया है. लिहाजा, उसे धारा 376 का मुजरिम करार देते हुए…’’

‘‘ठहर जाइए, जज साहब,’’ किसी की तेज आवाज सुन कर जज साहब एकाएक चुप हो गए थे.

अगले पल प्रियंका दूसरे कठघरे में आ खड़ी हुई थी. उस की आंखों में आंसू थे. एक सुबकी ले कर वह बोली,’’ जज साहब, रजत बेकुसूर है.’’

‘‘क्या…’’ हैरानी से जज साहब के हाथ से कलम तक छूट गई.

अदालत में मौजूद लोग भी एकदूसरे के कानों में फुसफुसाने लगे थे. रजत के वकील का चेहरा भी एकदम खिल उठा. वह बोले, ‘‘बताओ बेटी, रजत कैसे बेकुसूर है?’’

‘‘वो… मुझे…’’ किसी डर ने प्रियंका की जबान पर जैसे ताला लगा दिया था.

‘‘डरो मत बेटी,’’ वकील ने उसे हिम्मत बंधाई, ‘‘अदालत तुम्हारी जान की पूरी हिफाजत कराएगी.’’

जज साहब ने भी उसे अपनी बात कहने की इजाजत दे दी, तो प्रियंका बेखौफ हो कर एकएक सचाई उगलने लगी, ‘‘जज साहब, मैं बीए में पढ़ती थी. कालेज आतेजाते राजू दादा अकसर मेरा पीछा करता था, लेकिन मेरी समझदारी की वजह से वह अपने मकसद में नाकाम रहा.

‘‘मैं उस की हरकतों की शिकायत अपने मांबाप से भी करना चाहती थी, मगर विधायक बाप के बिगड़ैल बेटे ने मेरे भीतर दहशत भर दी थी. ऊपर से मुझे अपनी इज्जतआबरू की चिंता भी सताती थी.

‘‘नतीजतन, मैं सबकुछ सह कर भी खामोश बनी रही. उस से बचने के लिए मैं ने पढ़ाई में मन न लगने का बहाना बना कर कालेज जाना ही छोड़ दिया.

‘‘एक रात तकरीबन 8 बजे मैं अपनी दोस्त की बर्थ डे पार्टी से लौट रही थी. एकाएक मेरे पास आ कर एक मारुति गाड़ी रुकी. इस से पहले मैं कुछ सोचतीसमझती, उन लोगों ने मुंह दबा कर मुझे कार में खींच लिया.

‘‘वे 4 आदमी थे. उन में राजू दादा भी था. उन्होंने फैक्टरी के बगल में कार रोक कर मुझे झाडि़यों में खींच लिया.

‘‘मैं रोईगिड़गिड़ाई… इज्जत के लिए उन के सामने हाथ जोड़े, लेकिन उन दरिंदों को मुझ पर दया नहीं आई थी. फिर बारीबारी से मेरे साथ सभी मुंह काला कर के चले गए.’’

‘‘दर्द से मैं तड़प रही थी. मेरी मदद करने वाला कोई नहीं था. तभी वहां रजत आ पहुंचा. शायद वह फैक्टरी से ओवरटाइम कर के आया था. उस ने मुझे पहचान लिया. मेरे कपड़े संभाल कर बोला, ‘प्रियंका… ये सब…’ ‘‘मैं ने कहा, ‘मैं बरबाद हो गई रजत…’

‘‘मेरे फटे कपड़े और बिखरे बाल देख कर वह समझ गया कि मेरे साथ क्या हुआ है. बस, सहारा देता हुआ वह मुझे घर छोड़ गया.

‘‘मैं ने रोरो कर यह दर्दनाक घटना मांबाप को बताई, तो वे गुस्से से तमतमाते हुए मुझे ले कर थाने पहुंचे और विधायक के बेटे राजू दादा के खिलाफ बलात्कार की रिपोर्ट लिखवा दी.

‘‘हम लौट कर घर आए, तो दंग रह गए. विधायक और थानेदार बाबूलाल हमारे दरवाजे पर खड़े थे. विधायक की आंखों में आग बरस रही थी, मानो बलात्कार मेरा नहीं, उसी की बेटी का हुआ था.

‘‘विधायक ने कहा, ‘लड़की होश में तो है. सौदा कर ले. इसी में हम दोनों की भलाई है.’

‘‘मेरे पिताजी ने गुस्से में पूछा, ‘किस का सौदा विधायकजी? अगर आप की बेटी की इज्जत लुट जाए, तो फिर भी आप सौदा करेंगे?’

‘‘इस पर थानेदार ने मेरे पिताजी के गाल पर तमाचा जड़ते हुए कहा, ‘देख, जो बाबूजी कह रहे हैं, उसे कर वरना…’

‘‘इस पर मेरे पिताजी बोले, ‘मेरा क्या कर लोगे?’

‘‘विधायक ने हमें धमकाते हुए कहा, ‘अगर तुम्हें अपने एकलौते बेटे की जान प्यारी है, तो चुपचाप राजू दादा की जगह रजत का नाम लिखवा दो, नहीं तो मैं क्या करूंगा, यह तुम अच्छी तरह जानते हो. वैसे भी मेरे बेटे की रजत से बहुत पुरानी दुश्मनी है.’

‘‘इस तरह जज साहब मैं ने अपना परिवार बचाने के लिए रजत का परिवार उजाड़ दिया.’’

प्रियंका के बयान ने अंधे कानून की आंखों में रोशनी भर दी थी. अदालत में सन्नाटा पसर गया था. जज साहब हाथ में कलम थाम कर कुछ सोच रहे थे. अदालत की काररवाई बंद हो गई थी.

अगले दिन के अखबारों में प्रियंका के बलात्कार के केस की खबरें छपीं. मामला एकाएक तूल पकड़ता चला गया. पुलिस और न्याय व्यवस्था दोनों की तौहीन हो रही थी. आखिरकार पुलिस अधीक्षक ने अपनी देखरेख में मामले की जांच फिर से शुरू कर दी.

राजू दादा को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर के थरथर कंपकंपाने लगा.

8 दिन में ही दूध का दूध और पानी का पानी हो गया. राजू दादा के तीनों साथी भी पुलिस ने धरदबोचे. थानेदार बाबूलाल को भी नौकरी से हाथ धोना पड़ा. विधायक भी जेल जाने से नहीं बच पाया था.

रजत को बाइज्जत रिहा कर के जज साहब ने फैसला सुनाया, ‘‘प्रियंका के बयान और राजू दादा के इकबाले जुर्म के आधार पर अदालत राजू दादा, उस के तीनों साथियों और विधायक ज्वाला प्रसाद को उम्रकैद की सजा सुनाती है.’’

कानून ने रजत को रिहा तो कर दिया, लेकिन उस के मरे मांबाप को कौन लौटाएगा, यह सवाल हर जबान पर था.      Hindi Kahaniyan

-धर्मेंद्र परवाना

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...