Short Story. ‘‘तुझे आज देर हो गई कुसुम, क्या बात है? जीजाजी ने कहीं कस कर तो नहीं पकड़ लिया था?’’ लीला ने रास्ते में चुहलबाजी करते हुए कुसुम से पूछा.
‘ये लो… दिन में तो मुझे शर्म लगती है, मगर रात में तो मेरा मरद मुझे खुश कर देता है. मगर आज देर कैसे नहीं होती? मरद ने चाय बनाने को कहा और मैं ने देर हो जाएगी, तो बीवीजी खा जाएंगी बोल दिया. बस, उस के दिमाग का साइलेंसर धुआं छोड़ने लगा. मैं चुपचाप चाय बनाने बैठ गई. नहीं बैठती, तो शायद आज काम पर भी नहीं जा पाती. मरद के हाथ हथौड़े से कम नहीं होते.’’
‘‘अरी लीला, आज तेरे गालों पर उंगलियों के निशान कैसे?’’ फिर कुसुम ने लीला से पूछा.
‘‘क्या बताऊं कुसुम, इन मरदों को भी क्या सनक छूट जाया करती है. रातभर खर्राटे भरेंगे और सवेरेसवेरे… बस. रविवार को भी ऐसा ही मौका आया. फिर मेरी तो कमर ही टूट गई. आखिर पिछले रविवार को साहब के घर की तड़ी मारनी पड़ी.’’
‘‘इन मरदों से तो ऊपर वाला ही बचाए. कभी भी इन के दिमाग में से प्रेमरस टपक पड़ता है. आखिर रोजरोज तड़ी तो नहीं मार सकती न?’’
‘‘हां, फिर जल्दी बात पूरी कर. आज तो वैसे ही देर हो गई,’’ कुसुम ने कहा.
‘‘मैं ने नानुकर की, तो बस बच्चू के पापा के हाथ चल पड़े,’’ लीला ने कहा.
‘‘अरे, इन मरदों का क्या कुसूर? कुसूर तो हमारी गरीबी का है.
‘‘मरद जात भी इनसान ही हैं. बेचारे दिनरात कामधाम में जुटेंगे, फिर दोपहर को घर आए तो औरत गायब. मन मसोस कर अपनी चाय बनाएंगे, थोड़ा सुस्ताएंगे और फिर जुट जाएंगे.
‘‘छोटे छोरे की इंगलिश स्कूल की फीस 3 सौ रुपए भरनी पड़ती है. बिजली का बिल तो 4 सौ से कम आता ही नहीं. अब दोनों ही काम न करें, तो घरेलू जिंदगी चौपट ही हो जाए.’’
बात करतेकरते कुसुम की बीवीजी का घर आ गया. लीला से बिछुड़ते हुए कुसुम बोली, ‘‘अरी लीला, जाते समय साथ ही चलेंगे.’’
कुसुम बीवीजी के घर में भी नहीं पहुंच पाई थी कि घर से तेज आवाजें आ रही थीं. बीवीजी गुस्से से उबल रही थीं, ‘‘आज भी आप ने न मालूम कौन से जनम की कसर निकाल ली. खुद भी फीके और चाय भी फीकी.’’
बाबूजी चुपचाप खड़ेखड़े पत्नी की बात का मजा लेते हुए बोले, ‘‘मैडम, आफिस में आफिसर मैडम के श्लोक सुनतेसुनते मेरी तो आदत कोड़े खाने वाले घोड़े जैसी हो गई. लाओ, ऊपर से शक्कर डाल दूं. ऊपर की शक्कर और ऊपरऊपर का प्यार रसहीन होता है.’’
साहब चुपचाप चाय की चुसकी ले कर बोले, ‘‘मैडम, तुम्हारी सफेदी तो चांदी के तार जैसी चमक रही है.’’
यह सुन बीवीजी मुसकरा दीं. कुसुम के आते ही घर का माहौल शांत हो गया.
कुसुम चाय का बरतन घिसते हुए बोली, ‘‘बीवीजी, आज तो यह बरतन पूरा जल गया. कैसे?’’
‘‘इन्होंने चाय बनाई थी. जल्दबाजी में ऐसा हो गया,’’ बीवीजी ने बताया.
‘‘बीवीजी, हमारे मरद तो लोटा इधर से उधर नहीं रखते. वे चाहें तो दिन को रात में बदल दें. सच बताऊं बीवीजी, उस दिन आप के यहां से तड़ी मारनी पड़ती है.’’
बीवीजी यह बात सुन कर ठगी सी रह गईं. मन का कांटा मन में चुभने लगा. वह बाबूजी के बारे में सोचती रहीं. कितनेकितने दिन हो जाते हैं. घर पर भी आफिस के काम में लगे रहते हैं. ज्यादा से ज्यादा होगा तो चोटी सहला कर कहेंगे, ‘चलो मैडम, आज आइसक्रीम खा आते हैं.’
बीवीजी के तनमन में एक सुरसरी चलती रही. वह अपनी जिंदगी को कोसती रहीं. बच्चे अपनी बीवियों को ले कर अलग हो गए. बेटियां ससुराल चली गईं. कितनी नीरस है इन की जिंदगी? और ये कुसुम, रसीले मरद का मन रखने के लिए काम से तड़ी मार लेती है.
बीवीजी सिर पकड़ कर बैठ गईं. अपने मन को हलका करने के लिए कुसुम से बतियाने के बहाने वह बोलीं, ‘‘अरी, चाय पी कर जाना.’’
कुसुम ने अपना दुखड़ा रोया, तो बीवीजी अपने दुखड़े की उलटी करते हुए बोलीं, ‘‘तुम काम वाली भी गजब का बरदाश्त करती हो. काम करो और कुटाई भी खाओ.’’
कुसुम बोली, ‘‘बीवीजी मरद मारता है तो क्या हुआ, रात को तो खुश कर देता है.’’
बीवीजी इतना सुनते ही फफक पड़ीं. आंसुओं की लड़ी बंधते देख कुसुम ने बात संभाली, ‘‘बीवीजी, मरद के दुखसुख का खयाल करोगी, तब मरद की मस्ती चढ़ती है. औरत की बात और है. बेचारे मरद को तो कई झंझट, उस के बाद उस पर गधे की तरह चायपानी का हुकुम.’’
कुसुम चलने लगी, तो बीवीजी बोलीं, ‘‘कुसुम, आज तू ने मेरी आंखें खोल दीं.’’
‘‘बीवीजी, आप बुरा मत मानना. ये ‘महिला सशक्तीकरण’ की बला के पीछे बीवियों के भाव बढ़ रहे हैं. बेचारा आदमी अनहोनी होने के डर से कान दबा कर रहता है, मगर ऐसी औरतें घाटे में रहती हैं.’’
कुसुम को 20 रुपए का नोट देते हुए बीवीजी बोलीं, ‘‘बच्चों के लिए मिठाई ले जाना. कुसुम, जो मन की गांठ साधुमहात्मा नहीं खोल पाए, वह तुम ने दोटूक बात से खोल दी.’’
कुसुम को घर के बाहर ही लीला मिल गई. लीला बोल रही थी, ‘‘आज तो प्रोफेसर साहब का मूड सुबह से ही बिगड़ गया.’’
‘‘क्यों, ऐसी क्या बात हुई?’’ ‘‘अरे, बीवीजी कह रही थीं कि आज कालेज मत जाओ. साहब बोले कि तो क्या छुट्टी ले लूं.’’
मैडम ने सुझाया, ‘‘आज तड़ी मार लो.’’ प्रोफेसर बोले, ‘‘नहीं, ऐसा ठीक नहीं है.’’
मैडम रोंआसी हो कर बरस पड़ीं, ‘‘बरतन वाली अपने आदमी को खुश करने के लिए तड़ी मार लेती है, तो क्या तुम मुझे खुश करने के लिए तड़ी नहीं मार सकते?’’ Short Story
-राजमल डांगी




