Short Story in Hindi. बाजार में बहुत चहलपहल थी, पर रोहित को कोई ऐसा आदमी नहीं दिखाई दिया, जिस पर आसानी से हाथ साफ किया जा सके.
तकरीबन एक घंटे से वह बाजार के एक छोर पर अपने शिकार के इंतजार में खड़ा था. शाम हो चुकी थी. धीरेधीरे चारों ओर अंधेरा छाने लगा था. रोहित अब निराश हो चला था.
अचानक रोहित की आंखें चमक उठीं. अभीअभी एक दुकान से एक युवती निकली थी. वह एक हाथ में पर्स और दूसरे हाथ में कपड़ों का लिफाफा उठाए हुए थी.
रोहित बिना एक पल गंवाए तेजी से चलने लगा और उस युवती से टकरा गया. अगले ही पल युवती का पर्स उस के हाथ में था.
वह युवती जरा सी लड़खड़ाई, पर उस ने फुरती से रोहित की कलाई को कस कर पकड़ लिया. रोहित ने कलाई छुड़ाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी, पर कामयाब न हुआ. युवती के शिकंजे से वह खुद को आजाद न करा सका.
तभी युवती दांत पीसते हुए धीमी आवाज में बोली, ‘‘ज्यादा होशियार बनने की कोशिश मत करो, नहीं तो मैं शोर मचा दूंगी. चुपचाप मेरे साथ चलो…’’
रोहित उस का हुक्म मानने को मजबूर था. पहली बार वह रंगेहाथ पकड़ा गया था. वह युवती उसी तरह उस का हाथ पकड़े बाजार से बाहर आ गई. वहीं उस की कार खड़ी थी.
‘‘बैठो…’’ युवती ने उसे आगे की सीट का दरवाजा खोल कर भीतर धकेल दिया और खुद दूसरी ओर से ड्राइवर वाली सीट पर बैठी और कार सड़क पर दौड़ा दी.
रोहित बेहद डर गया. उसे लग रहा था कि युवती उसे सीधे पुलिस स्टेशन ले जाएगी, लेकिन तकरीबन 10 मिनट के बाद कार एक आलीशान बंगले के सामने रुकी. वह लड़की उसे भीतर ले गई और बैठक में बिठा कर खुद कहीं चली गई.
रोहित ने राहत की सांस ली और बैठक की सजावट को देखने लगा. दीवारों पर महापुरुषों की तसवीरें लगी हुई थीं. बीच की मेज पर किताबें और पत्रपत्रिकाएं रखी हुई थीं.
‘‘ऐ मिस्टर, कहां खो गए?’’ अचानक युवती ने उस के सामने बैठते हुए पूछा.
रोहित जैसे नींद से जागा और उसे देख कर चौंका. इस बार वह कपड़े बदल कर आई थी और बहुत खूबसूरत लग रही थी.
‘‘मेरा नाम रीमा है. मैं कालेज में जूडोकराटे की चैंपियन रह चुकी हूं,’’ उस ने मुसकराते हुए कहा.
‘‘वह तो मैं देख ही चुका हूं,’’ रोहित ने अपनी कलाई हिलाते हुए कहा. उसी समय नौकर चाय रख गया.
‘‘अपना नाम बताने की तकलीफ करोगे?’’ रीमा ने पूछा. ‘‘जी, रोहित.’’
‘‘कहां रहते हो?’’ ‘‘सेक्टर 26 में.’’
‘‘परिवार में और कौनकौन हैं?’’ ‘‘एक मां हैं और 2 छोटी बहिनें.’’
‘‘पढ़ेलिखे कितने हो?’’ ‘‘जी, बीए पास हूं.’’
‘‘अच्छा,’’ रीमा ने हैरानी से कहा, ‘‘फिर यह उठाईगीरी का धंधा क्यों करते हो?’’
‘‘जी, पेट के लिए कुछ न कुछ तो करना ही पड़ता है. नौकरी कहीं मिलती नहीं. मैं ने बहुत कोशिश की कि कोई अच्छा सा काम करूं, पर…’’
‘‘अरे, काम का घाटा नहीं है, पर काम करने वाले चाहिए,’’ वह कहने लगी, ‘‘तुम हैंडसम हो, पढ़ेलिखे हो. कोशिश करोगे, तो नौकरी जरूर मिलेगी.’’
‘‘जी…’’ रोहित ने सिर उठा कर देखा और उस की बातों को समझने की कोशिश करने लगा.
‘‘इस ‘जी’ से काम नहीं चलेगा. अभी से ठान लो और मेहनत कर के आसमान को छू लो,’’ युवती दोबारा बोली.
इस बीच चाय खत्म हो चुकी थी.
‘‘सचमुच, आप ने मेरी आंखें खोल दी हैं. मैं हमेशा आप का एहसानमंद रहूंगा,’’ रोहित ने मुसकरा कर कहा. रीमा की बातों ने उस पर जादू सा असर किया था.
रीमा ने मेज से एक किताब उठाई और उसे देते हुए कहा, ‘‘यह मेरा पहला कहानी संग्रह है. इसे जरूर पढ़ना.’’
‘‘बहुतबहुत शुक्रिया,’’ रोहित ने किताब ली और जाने के लिए उठ खड़ा हुआ. रीमा उसे गेट तक छोड़ने आई.
‘‘सुनो,’’ वह बोली. ‘‘जी,’’ रोहित के कदम रुक गए.
‘‘आतेजाते रहना. ये रुपए रख लो, काम आएंगे,’’ रीमा ने उसे सौ रुपए का एक नोट देते हुए कहा.
‘‘जी नहीं, अब इस की जरूरत नहीं है. रास्ता आप ने दिखा दिया है, मंजिल मैं खुद ढूंढ़ लूंगा,’’ रोहित ने हाथ जोड़ कर हंसते हुए कहा और चला गया.
अब रोहित की जिंदगी में काफी बदलाव आ गया था. उस ने सोच लिया था कि वह एक अच्छा आदमी बनेगा. अगले दिन उस ने अखबार में एक इश्तिहार पढ़ा. एक फैक्टरी में क्लर्क की जरूरत थी. रोहित ने अर्जी भेज दी.
रोहित का चुनाव हो गया. उस ने उसी दिन रीमा को चिट्ठी लिखी कि उसे एक फैक्टरी में काम मिल गया है.
रोहित पूरी लगन और ईमानदारी से काम करने लगा. वह सब से पहले दफ्तर पहुंच जाता और शाम को भी देर तक काम करता रहता. हालांकि उसे तनख्वाह बहुत कम मिलती थी, फिर भी उस से गुजारा हो ही जाता था. मालिक उस के काम से बहुत खुश था.
एक दिन दोपहर को रोहित अपने काम में मगन था कि चपरासी ने आ कर कहा, ‘‘आप को मालिक बुला रहे हैं.’’
वह कुछ सोचता हुआ उठा और आगे बढ़ा. जैसे ही वह मालिक के केबिन में पहुंचा, हैरानी से उछल पड़ा. सामने मालिक के साथ रीमा भी बैठी हुई थी.
‘‘रीमाजी… आप और यहां?’’ रोहित के मुंह से निकला.
रीमा भी हैरान थी. वह बोली, ‘‘अरे, आप हमारी ही फैक्टरी में काम करते हैं और मुझे पता ही नहीं.’’
मालिक ने रोहित को कुरसी पर बैठने का इशारा किया और रीमा से कहा, ‘‘बेटी, यही वह नौजवान है, जिस ने इतने थोड़े समय में अपनी कड़ी मेहनत और लगन से फैक्टरी के काम को आगे बढ़ाया है. मैं इसे असिस्टेंट मैनेजर बना रहा हूं.’’
‘‘ठीक है पापा,’’ रीमा मुसकराते हुए बोली, ‘‘आप की बात सुन कर मैं बहुत खुश हूं.’’
रोहित की मेहनत और लगन रंग लाई. असिस्टेंट मैनेजर का पद संभालते ही उस ने मजदूरों की हड़ताल जैसे गंभीर मुद्दे भी अपने हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के चलते सुलझा लिए. इस से फैक्टरी का कारोबार काफी बढ़ गया.
रोहित अब रीमा और उस के पिता की आंखों का तारा बन गया था. रीमा अब उस में दिलचस्पी लेने लगी थी. धीरेधीरे उन की दोस्ती बढ़ती गई.
एक दिन रीमा ने रोहित को अपने घर पार्टी पर बुलाया. रोहित जब वहां पहुंचा, तो रीमा को घर में अकेली पाया.
रोहित ने घड़ी में समय देखते हुए कहा, ‘‘शायद मैं जल्दी आ गया हूं. अभी तो यहां कोई नहीं पहुंचा…’’
‘‘यहां कोई पार्टी नहीं है. मैं ने तुम से झूठ कहा था.’’ ‘‘फिर मुझे यहां क्यों बुलाया गया है?’’ रोहित ने हैरानी से पूछा.
‘‘तुम से जरूरी बात कहनी है,’’ रीमा ने बोलना शुरू किया, ‘‘मैं ने तुम्हें अपने जीवनसाथी के रूप में चुन लिया है. पापा को भी मैं ने अपना फैसला बता दिया है. क्या तुम मेरा साथ दोगे?’’
रोहित हैरानी से बोला, ‘‘रीमाजी, आप और मुझ से…’’ ‘‘हां, मैं इस बारे में तुम्हारी राय जानना चाहती हूं.’’
‘‘रीमाजी, मेरी प्रेरणा तो आप ही हैं. आप ने ही मुझे यह नई जिंदगी दी है. अगर आप मेरी जिंदगी में न आई होतीं, तो मैं न जाने कब तक उसी कीचड़ में पड़ा होता,’’ रोहित उस की आंखों में झांकता हुआ बोला, ‘‘मैं आप से कुछ नहीं मांगता हूं, पर आप मेरे दिल में बस कर मेरी जिंदगी का एक हिस्सा बन गई हैं. अगर आप इसे रिश्ते का नाम देना चाहती हैं, तो मैं भला कैसे इनकार कर सकता हूं…’’
रीमा ने शरमाते हुए अपना कोमल हाथ रोहित के हाथ पर रख दिया. Short Story in Hindi
-सुरेश कुमार प्रेम




