Short Story. रिश्वत दे कर सेठ दीनानाथ ने अपना और अपने जैसे कई रईसों का नाम बीपीएल लिस्ट में तो दर्ज करवा लिया, लेकिन जब वह सरकारी बाबू के साथ एक गरीब के घर पहुंचा, तो मुंह की खानी पड़ी. ऐसा क्या हुआ था वहां?

‘‘साहब, मेरा नाम बीपीएल लिस्ट में डाल दो,’’ सेठ दीनानाथ ने कुरते की जेब से एक हजार रुपए का करारा नोट निकाल कर बीपीएल बाबू की तरफ बढ़ाते हुए कहा.

‘‘सेठ दीनानाथजी, तुम्हारा नाम बीपीएल लिस्ट में, कुछ समझ में नहीं आया?’’ बाबू ने इधरउधर देखते हुए सेठ दीनानाथ के हाथ से एक हजार रुपए का नोट ऐसे झपटा, जैसे कोई भूखी बिल्ली दूध के छींके पर झपटती है.

‘‘अरे साहब, क्या करें? अब सरकार पेंशन, अनाज, मिट्टी का तेल वगैरह तो सब बीपीएल लिस्ट वालों को ही देती है. एक बार किसी तरह नाम चढ़ गया लिस्ट में, तो समझो सारी जिंदगी मजे ही मजे हैं.

‘‘साहब, मेरी सोनेचांदी की दुकान में हीरेजवाहरात तो मिलते हैं, लेकिन अनाज तो फिर भी बाजार से ही खरीदना पड़ता है, इसलिए मुझ गरीब पर मेहरबानी करो और मुझे बीपीएल कार्ड बना दो,’’ सेठ दीनानाथ ने गिड़गिड़ाते हुए कहा.

चुनाव का समय नजदीक था. आननफानन में बीपीएल लिस्ट बनाने का फरमान ऊपर से आया था. हर बाबू को एक सौ लोगों का बीपीएल टारगेट दिया गया था.

मई की भीषण गरमी और ऊपर से लू के थपेड़े, कौन जाएगा गांवगांव गरीबों को ढूंढ़ने. और ये गरीब भी तो ऐसे हैं, जो कभी शहर की तरफ आते ही नहीं. दुविधा में फंसे हुए बीपीएल बाबू ने आखिरकार फैसला कर लिया कि बीपीएल लिस्ट बनाने का काम कूलर की ठंडी हवा में बैठ कर ही किया जाएगा.

बीपीएल बाबू ने सेठ दीनानाथ की ओर मुखातिब हो कर कहा, ‘‘दीनानाथ, 5 दिनों में टारगेट पूरा करना है. पूरे सौ लोगों की लिस्ट बननी है. तुम कुछ और अपने जैसे गरीब लोगों को क्यों नहीं ले आते?’’

‘‘साहब, आप हुक्म तो करें. एक सौ क्या, मैं एक हजार गरीब कल ही आप के दफ्तर में ले आऊंगा. हमारा पूरा महल्ला ही गरीबों से भरा हुआ है. करोड़ीमल बरतन वाले, लखपति भैया कपड़े वाले, जगदीश यादव पेट्रोल पंप वाले, ये बेचारे सब बड़े गरीब हैं,’’ सेठ दीनानाथ ने कहा.

‘‘अच्छा ठीक है, तुम हिसाबकिताब तो समझ गए हो न. और सुनो, किसी को इस बात की कानोंकान खबर नहीं लगनी चाहिए,’’ बीपीएल बाबू ने कहा.

‘‘हां साहब, मैं सब समझ गया. लेकिन इन गरीबों की लिस्ट के काम में मेरी गरीबी दूर करने पर भी ध्यान देना हुजूर,’’ सेठ दीनानाथ ने कुटिल निगाहों से बीपीएल बाबू की ओर देखते हुए कहा.

‘‘सेठ दीनानाथजी, लगता है कि तुम्हारे दिलोदिमाग पर रिश्वत और लालच की मोटी परत चढ़ गई है. यह मत समझना कि इतनी मोटी रकम मेरे पास ही रहेगी. ऊपर तक प्रसाद बांटना पड़ता है. यहां तक कि गरीबी उन्मूलन मंत्री की गरीबी का भी ध्यान रखना पड़ता है. लेकिन फिर भी तुम्हारी ईमानदारी, वफादारी और गरीबी को मद्देनजर रखते हुए प्रति गरीब सौ रुपए तुम्हें भी दिए जाएंगे.’’

सेठ दीनानाथ की मेहनत रंग लाई. 3 दिनों के अंदर ऐसे 90 गरीब सेठ साहूकारों की लिस्ट व मोटी रकम ले कर सेठ दीनानाथ बीपीएल बाबू के दफ्तर पहुंच गए.

‘‘अरे दीनानाथजी, बाकी 10 लोगों के नाम कहां हैं?’’ बीपीएल बाबू ने सवालिया निगाहों से पूछा.

‘‘साहब, मेरा मन नहीं माना. इस सौ लोगों की लिस्ट में कम से कम 10 गरीबों के नाम तो आप डाल ही दें,’’ दीनानाथ ने कहा.

‘‘और एक हजार रुपए प्रति गरीब तुम भरोगे? ये गरीब एक हजार रुपए तो छोड़ो, सौ रुपए भी देने के काबिल नहीं हैं.’’

‘‘साहब, मैं कहां से दूंगा पैसे? आप 10 गरीबों की बीपीएल फीस माफ कर दें.’’

‘‘दीनानाथजी, फीस माफी का हक तो केवल मंत्रीजी के पास है. इस में हमारे डीएम साहब भी कुछ नहीं कर सकते.’’

‘‘अच्छा साहब, मैं ऐसे ही 9 गरीब और ढूंढ़ लाता हूं, लेकिन एक की फीस माफी तो आप से जरूर कराऊंगा. मुझ से हरिश्चंद्र पांडेय की गरीबी देखी नहीं जाती. साहब, उस का नाम तो लिस्ट में जरूर डाल दो.’’

‘‘ठीक है, अगर तुम कहते हो, तो मैं उस का नाम लिख देता हूं, लेकिन उस की गरीबी का मौके पर मुआयना मैं खुद करूंगा,’’ बीपीएल बाबू ने कहा.

‘‘अरे साहब, ऐसी गरमी में अगर आप तांगे पर बैठ कर निर्धनपुर चलेंगे, तो चोटी का पसीना एड़ी तक पहुंचेगा. आप कहें, तो मैं हरिश्चंद्र पांडेय को यहीं बुला लूं?’’ सेठ दीनानाथ ने कहा.

‘‘दीनानाथ, तुम बेवकूफ के बेवकूफ ही रहोगे. अगर डीएम साहब ने मौके के मुआयने की जिद की, तो इस लिस्ट में कोई एक तो ऐसा होना चाहिए, जो वाकई गरीब हो और मैं ने खुद जा कर उस का नाम लिखा हो. वह डीएम साहब के सामने पेश होने पर मेरी तारीफ कर सके. आखिर बड़े बाबू का प्रमोशन भी तो लेना है.

‘‘ठीक है साहब. चलो. तांगे से एक घंटे का रास्ता है, रास्ते में कहीं पानी भी नसीब नहीं होता. मैं 2 नीबू और एक बोतल पानी रख लूंगा. और हां, अपनी जेब में एक प्याज जरूर रख लेना, ताकि लू न लगे,’’ दीनानाथ ने बाबू को समझाते हुए कहा.

‘‘उफ, यहां के गांवों में इतनी ज्यादा गरमी पड़ती है,’’ तांगे पर हिचकोले खाते हुए बीपीएल बाबू ने सेठ दीनानाथ से कहा.

तांगे वाले ने बीच में ही बोलते हुए कहा, ‘‘साहब, गरमी तो अभी शुरू ही कहां हुई है. गरमी तो तब होती है, जब सूरज आग उगलता है और धरती अंगारे. शहरी बाबू लगते हो, गरमी में चलने की आदत नहीं है.’’

सेठ दीनानाथ ने तांगे वाले को डांटते हुए कहा, ‘‘तुम बीपीएल बाबू को शायद पहचानते नहीं हो. इन की एक नजर में आदमी गरीब से अमीर बन जाता है. बेवकूफ, जल्दी बाबूजी के पैर छू ले, पता नहीं, शायद बाबूजी के पैर छूने से केवट की तरह तेरा भी भला हो जाए.’’

तांगे वाले ने लपक कर बीपीएल बाबू के पैर पकड़ लिए और माफी मांगते हुए कहा, ‘‘साहब, मैं बहुत गरीब आदमी हूं और आप को पहचान नहीं पाया.’’

निर्धनपुर गांव पहुंचतेपहुंचते बीपीएल बाबू पसीने से लथपथ हो चुके थे. उधर हरिश्चंद्र पांडेय के घर में आज खाने के लिए अनाज का एक दाना भी न था. बच्चे भूख से बेचैन थे.

हरिश्चंद्र पांडेय की बीवी सावित्री ने किसी तरह बच्चों के लिए पालक की सब्जी और पालक की ही 2 रोटियां बनाई थीं. यह देख हरिश्चंद्र पांडेय पानी पी कर ही उठ गए और बाहर आ कर जोरदार डकार मारी और बोले, ‘‘आज खाना ज्यादा खा लिया.’’

हरिश्चंद्र पांडेय को देखते ही दीनानाथ ने चिल्ला कर कहा, ‘‘अरे पांडेय, अब तुम्हारी गरीबी दूर हो गई. बीपीएल बाबू आज खुद तुम्हारे दरवाजे पर आए हैं. इन के पैर छुओ.’’

हरिश्चंद्र ने बेमन से बीपीएल बाबू को नमस्कार किया और खटिया पर बैठने का इशारा किया.

‘‘सेठजी, यह बीपीएल कौन सी नई बीमारी है?’’ हरिश्चंद्र पांडेय ने सेठ दीनानाथ से पूछा.

‘‘अरे पांडेय, बीपीएल कोई बीमारी नहीं, बल्कि गरीबी दूर करने की अचूक दवा है. जितने गरीब लोग हैं, उन को सरकार की तरफ से पेंशन, अनाज, मिट्टी का तेल वगैरह एकदम सस्ता मिलेगा. यह बीपीएल बाबू शहर से तुम्हारा नाम उस लिस्ट में लिखने के लिए खुद चल कर आए हैं.’’

‘‘सेठ दीनानाथजी, जबान संभाल कर बात करें. हम इतने गरीब नहीं हैं कि भिखारी की तरह सरकारी अन्नदान पर जिंदगी बिताएं. मेरे हाथपैर अभी मजबूत हैं. और फिर अब तो हल भी उठा लिया है. खेतीबारी में भी कुछ न कुछ पैदा ही होगा.

‘‘गरीबीअमीरी आतीजाती रहती है, लेकिन मैं भिखारी नहीं बनूंगा,’’ तड़पते हुए हरिश्चंद्र पांडेय ने कहा.

हरिश्चंद्र पांडेय के तेवर देख बीपीएल बाबू की सिट्टीपिट्टी गुम हो गई और वह उलटे पैर शहर की तरफ लौट पड़े.

अगले दिन चौपाल के चबूतरे पर बैठा जुगनू जोरजोर से अखबार से नाम पढ़पढ़ कर चिल्ला रहा था, ‘‘सुनोसुनो, शहर के सभी बड़े साहूकारों का नाम छपा है. सब बीपीएल यानी गरीबी वाली लिस्ट में शामिल हैं.’’

हरिश्चंद्र पांडेय ने कहा, ‘‘अच्छा हुआ कि हम बड़े लोगों की तरह गरीब नहीं हैं.’’ Short Story

-सपना मिश्रा ‘सजग’

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...