Story. जहांगीराबाद इलाके के दोराहे पर बस रुकी. 10 मिनट का स्टाप था. चिलचिलाती गरमी थी. लगातार 5 घंटे से सफर कर रही थी. 2 जगह बस भी बदलनी पड़ी थी. हिचकोले खाखा कर बदन टूटा जा रहा था. थकान और गरमी ने बेहाल कर रखा था. तभी बेबी बोल पड़ी, ‘‘मम्मी, प्यास लगी है,’’ और मैं बेबी को चौकस रहने के लिए कह कर पानी की तलाश में नीचे उतर गई.

पहले मंदिर के सामने ही एक हैंडपंप लगा था, लेकिन अब वहां कुछ नहीं था. आसपास कोई प्याऊ भी नजर नहीं आ रहा था. तभी मेरी नजर एक स्टाल पर पड़ी. मालिक नीचे झुक कर अंगीठी कुरेद रहा था.

मैं ने धीरे से पूछा, ‘‘भाई साहब, क्या एक गिलास पानी मिलेगा?’’ मेरी आवाज सुन कर उस आदमी ने मुंह ऊपर उठा कर देखा, तो मैं हैरान रह गई.

‘प्रोफेसर रज्जन कुमार और यह टी स्टाल. कहीं मुझे धोखा तो नहीं हुआ. वही नाकनक्शा, फ्रेंचकट दाढ़ी, कलाई में बंधी घड़ी, लंबाईचौड़ाई में कहीं कोई अंतर नहीं,’ एकसाथ सैकड़ों सवाल मेरे जेहन में सिर उठाने लगे. तभी मैं चौंकी.

‘‘आप शिखा हैं न?’’ मुझे अब शक की कोई गुंजाइश नहीं थी. वह ही प्रोफेसर रज्जन कुमार ही थे.

‘‘आप यहां कैसे? आप तो डीएवी इंटर कालेज में लेक्चरर थे,’’ मुझे फिर भी शक हो रहा था.

‘‘हां शिखाजी, वहां से यहां तक के सफर की एक लंबी कहानी है. लगता है कि आप काफी समय बाद लौट रही हैं.’’

मेरे मन में सबकुछ जान लेने का कौतूहल था. तभी बस हार्न देने लगी. बोतल में पानी ले कर मैं ने कहा, ‘‘मैं अगले रविवार को लौटूंगी. यहीं तक का टिकट लूंगी. आप से बात किए बगैर मुझे चैन नहीं मिलेगा. डर से भाग न जाना,’’ कहती हुई मैं बस की तरफ चल दी.

घर पहुंच कर सब से पहला सवाल मैं ने पूछा, ‘‘मां, प्रोफेसर रज्जन कुमार को मैं ने एक टी स्टाल चलाते देखा, पर यकीन नहीं हुआ. आप तो सब जानती होंगी कि यह सब कैसे हुआ?’’

‘‘आते ही तू भी किस आदमी को याद करने लगी. वह तो छिपा हुआ भेडि़या निकला. मैं तो उसे बड़ा सीधा समझती थी, लेकिन उस ने तो बूढ़े मांबाप की इज्जत मिट्टी में मिला दी और वे इसी गम में चल बसे. चल, तू हाथमुंह धो कर कुछ खापी ले, फिर आराम करना. थक गई होगी.’’

मां मुझे विचारों के भंवर में छोड़ रसोई में चली गईं. मैं ने हाथमुंह धोया, नाश्ता किया और चुपचाप बिस्तर पर लेट कर कालेज के दिनों के पन्ने पलटने लगी.

रज्जन कालेज में नयानया आया था. बड़ा गंभीर लड़का था. फालतू बातें बनाना उसे पसंद न था. उस की बातों में बनावटीपन भी न था. लड़कियां उसे विश्वामित्र कहतीं. दूसरे लड़के लड़कियों के इर्दगिर्द मंडराते रहते, लेकिन रज्जन आंख उठा कर भी न देखता.

एक दिन लड़कियों में शर्त लगी कि विश्वामित्र की तपस्या भंग करनी चाहिए और उस का भार मुझ पर सौंपा गया.

रज्जन लाइब्रेरी में बैठा पढ़ रहा था. मैं चुपके से लाइब्रेरी में गई. दूसरी लड़कियां तमाशा देखने के लिए दरवाजे की ओट में खड़ी हो गईं.

‘क्या मैं यहां बैठ सकती हूं?’ ‘जरूर बैठिए,’ किताब पर नजर गढ़ाए ही रज्जन ने कहा.

मैं कुछ पल चुप रही, फिर बोली, ‘रज्जनजी, आप सारा दिन पढ़ते रहते हैं, थकान नहीं होती? चलिए, एकएक कप चाय हो जाए.’

‘शिखाजी, मुझे माफ करें. मैं कालेज में पढ़ने आता हूं, इधरउधर घूमने नहीं. आप शौक से चाय पीजिए, पर मुझे पढ़ने दीजिए.’

तभी दरवाजे के पीछे से कहकहों की आवाज गूंज उठी. रज्जन उठ कर चला गया, लेकिन उस दिन से मुझ उस से हमदर्दी हो गई. उस की बातों में मुझे सचाई नजर आई. मैं ने उसे तंग करना छोड़ दिया.

कालेज में कोई प्रतियोगिता होती, रज्जन हमेशा सब से आगे रहता. बीए फाइनल था. रिजल्ट आया. रज्जन को सब से ज्यादा नंबर मिले. उस दिन से सब रज्जन को विश्वामित्र की जगह प्रोफेसर रज्जन कहने लगे.

मैं रातदिन आंखें गड़ा कर पढ़ने के बाद भी 55 फीसदी नंबरों से आगे नहीं बढ़ पाई और रज्जन टाप कर गया.

उन्हीं दिनों डीएवी कालेज में हिंदी में लेक्चरर की पोस्ट निकली. रज्जन और मैं दोनों ही उम्मीदवार थे, लेकिन टापर होने के चलते रज्जन को हाथोंहाथ लिया गया. मैं एक बार फिर मात खा गई. मुझे बुरा भी लगा, पर रज्जन को बधाई देने वालों में मेरा पहला नंबर था.

एक स्कूल में मुझे भी नौकरी मिल गई. कुछ दिन बाद मेरी शादी हो गई और मैं नौकरी छोड़ ससुराल चली गई. शुरूशुरू में तो जल्दीजल्दी आनाजाना लगा रहा, लेकिन तबादले के चक्कर में और बेबी की वजह से मैं 4 साल बाद अपने मायके लौटी हूं.

कितना कुछ बदल गया कि यकीन करने को मन ही नहीं करता. रज्जन तो हमेशा लड़कियों के मामले में शर्मीला छात्र रहा, फिर नौकरी में आने के कुछ महीने बाद ही इस की शादी हो गई थी.

सोचतेसोचते जाने कब आंख लग गई, पता ही नहीं चला. 2 घंटे बाद उठी, तो सारी थकान मिट चुकी थी और काफी सहज महसूस कर रही थी, लेकिन चाह कर भी रज्जन को भुला नहीं पा रही थी. काफी दिनों बाद मायके लौटी थी. एक हफ्ता कैसे बीत गया, पता ही न चला.

जैसे अकेली आई थी, वैसे ही अकेली लौट रही थी. मैं ने टिकट दोराहे तक का खरीदा. सोचा, थोड़ी देर रुक कर रज्जन से पूछ कर ही आगे चलूंगी.

बेवी का हाथ थामे चुपचाप रज्जन को देखती रही. वह ग्राहकों को लस्सी बना कर दे रहा था. तभी उस की नजर मुझ पर पड़ी. ‘बैठो शिखा’ कहने के साथ ही एक गिलास मुझे और एक गिलास बेबी को थमा दिया. इनकार की कोई गुंजाइश ही न थी. गरमी में पी कर कुछ शांत जरूर हुई, लेकिन मन का द्वंद्व बाहर आने को मचल रहा था.

भीड़ छंटते ही मैं ने कहा, ‘‘अब बताइए रज्जनजी कि यह सब कैसे घटा?’’

रज्जन कुछ पल सोचता सा दूर देखता रहा, जैसे बात का सूत्र पकड़ने की कोशिश कर रहा हो. फिर उस ने कहना शुरू किया, ‘‘शिखाजी, यह मेरे सच और झूठ की कहानी है. तुम तो जानती हो कि मुझे साफ बात कहना कितना पसंद थीं. मेरा सच जहां कुछ साथियों को मेरा हितैषी बना रहा था, वहीं दुश्मन भी कम न थे, जो मौके की तलाश में रहते थे.

‘‘प्रिंसिपल भी मुझ से संतुष्ट नहीं थे, क्योंकि कालेज की उठापटक व राजनीति में मैं सच का ही पक्ष लेता था, जिस से प्रिंसिपल का पक्ष कमजोर पड़ जाता था. इधर से बेखबर मैं अपना काम पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहा था. क्लासें छोड़ कर स्टाफरूम में बैठ कर गपें हांकना मुझे कभी पसंद नहीं आया. खाली पीरियड में मैं पढ़ता रहता. पढ़ने वाले छात्र मुझे बेहद पसंद थे और वे भी मुझे पसंद करते थे, लेकिन कुछ गुंडे किस्म के छात्र जो केवल टाइम पास के लिए आते थे, अकसर पीछे से फब्तियां कसते रहते.

‘‘एक दिन छुट्टी के बाद मैं घर जा रहा था. उस दिन मेरी क्लास 2 बजे ही खत्म हो गई थी. कालेज से घर के बीच एक छोटा सा बाग पड़ता है और दोपहर के समय वहां अकसर सन्नाटा छाया रहता है. उस दिन मुझे बाग की तरफ से औरत के चीखने की आवाज आई और उस के बाद 2-4 मर्दों के कहकहे उभरे. मुझे समझते देर न लगी. मैं बाग की चारदीवारी लांघ कर अंदर पहुंच गया. जो कुछ देखा, यकीन ही न हुआ.

एक लड़की 4 लड़कों से घिरी थी. तन पर कपड़े नहीं थे. वह लड़की मेरी ही कक्षा की छात्रा मीरा थी और ये लड़के वही थे, जो कालेज में इधरउधर घूमते रहते थे. मुझे देख कर वे भाग गए, लेकिन जातेजाते कह गए, ‘हमारे रास्ते में आना बहुत महंगा पड़ेगा आप को.’

‘‘मैं ने उन की धमकी पर कोई ध्यान नहीं दिया. मीरा मुझे देख कर रो पड़ी. उस ने बताया कि वह घर जा रही थी, तभी इन चारों ने मिल कर दबोच लिया. अगर मैं न पहुंचता, तो वह इन गुंडों से नहीं बच पाती.

‘‘मैं ने मीरा को आश्वस्त किया. उस ने अपने कपड़े ठीक किए और मैं ने उसे उस के घर तक पहुंचा दिया.

‘‘अगले दिन मैं ने पुलिस में रिपोर्ट करा दी और उन चारों के नाम भी लिखा दिए. मीरा के मांबाप की भी सहमति थी, लेकिन 2 दिन बाद ही शहर की दीवारों पर मेरे और मीरा के फोटो चिपके थे. मैं हैरत में था कि ऐसा कैसे हो गया. शायद उन्होंने किसी समय मीरा और मुझे साथ चलते देख चुपके से फोटो खींच ली थी. न भी खींची हो, आजकल कंप्यूटर से सबकुछ मुमकिन है.

‘‘अगले दिन अदालत में पेशी थी, लेकिन वहां तो मामला ही उलट गया था. मीरा ने अपने बयान में मुझे ही इस कांड का कुसूरवार ठहराया था और उन चारों को मौके पर पहुंच कर बचाने वाला बताया. इतना बड़ा झूठ मैं ने पहले कभी नहीं सुना था. वे चारों बाइज्जत बरी हो गए और मुझे जमानत पर छोड़ा गया.

‘‘कालेज की मैनेजमेंट कमेटी ने एक इमर्जेंसी मीटिंग कर तत्काल प्रभाव से मुझे नौकरी से निकाल दिया. मुझ पर बलात्कार का आरोप था. दोषी न हो कर भी मैं दोषी था. मेरी बात पर कोई यकीन करने को तैयार न था. मांपिताजी, भाई, पत्नी सभी परिवार वालों व संबंधियों की निगाह में मैं ही गुनाहगार बन गया. किसी से नजर भी न मिला सकता था.

मुझ पर मुकदमा चला. मैं एक बार मीरा से मिलने भी गया. मुझे उस से मिलने नहीं दिया गया. मैं जानना चाहता था कि उस ने इतना बड़ा झूठ क्यों बोला. लेकिन मैं सच न जान सका. विपक्षियों की जीत हुई और मैं एक साल के लिए जेल चला गया. पिताजी यह धक्का न सह पाए. मां भी नहीं रहीं. पत्नी मायके चली गई. सारा परिवार ही उजड़ गया.

‘‘सालभर बाद जब मैं छूट कर आया, तो सब से पहला काम डिगरियों को जलाने का किया. पढ़ाई के नाम से सख्त नफरत हो गई. अब मैं बिलकुल बेसहारा फुटपाथ पर था. मेरा वर्तमान और भविष्य दोनों बिगड़ चुके थे.

‘‘ससुराल वालों की मदद से बैंक से लोन ले कर यहां चाय की दुकान खोल ली. तुम देख ही रही हो कि मैं कैसा हूं, पर आज तुम से अपनेमन की बात कह कर काफी हलका महसूस कर रहा हूं. मुझे तुम्हें देख कर लगा था कि वहां जो कुछ भी तुम ने मेरे बारे में सुना, उस पर विश्वास नहीं किया. तुम मुझ पर आज भी विश्वास करती हो, लेकिन मैं अब पहले वाला रज्जन नहीं हूं, क्योंकि मैं ने सच बेच दिया है.

‘‘अभी 3 महीने पहले डाक से एक चिट्ठी मिली थी. लिखा था, ‘सर, आप के अपमान की जिम्मेदार मैं हूं. मैं उन गुंडों के हाथ की कठपुतली बन गई थी. उन्होंने मेरे एकलौते भाई का अपहरण कर उसे जान से मारने की धमकी दी थी. भाई के बचाने के लिए मैं झूठ बोलती चली गई. पापा भी मजबूर थे, लेकिन मेरे एक झूठ ने मुझे पतन की राह दिखा दी. वे हर तरह से मेरा शोषण करने लगे. अब मैं इस जिंदगी से ऊब चुकी हूं. जब तक यह चिट्ठी आप को मिलेगा, मैं इस दुनिया से दूर जा चुकी होऊंगी. आखिरी पलों में सच लिख कर प्रायश्चित्त करने की कोशिश कर रही हूं. यह चिट्ठी दिखा कर आप को फिर नौकरी मिल जाएगी. मीरा.’

‘‘और सचमुच मीरा ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली. वह मां बनने वाली थी, लेकिन एक बात जरूर हुई. सच जान कर मेरी आत्मा पर रखा बोझ मिट गया.’’

कह कर रज्जन चुप हो गए. उन की बातें सुन कर मेरी बोलती बंद हो गई. शब्द ही नहीं मिल रहे थे कि कुछ कह सकूं. मैं ने धीरे से रज्जन के कंधे पर हाथ रखा और अपनी नम आंखें लिए बेबी का हाथ पकड़े अपनी मंजिल की ओर चल दी. Story

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...