Hindi Kahani. पूरन की तरह हमारे इलाके के ज्यादातर लोग अपनी हर मुसीबत का इलाज छोटे भगत के पास ढूंढ़ते थे. क्या वाकई वह सब के दुख दूर कर देता था? एक दिन ऐसा क्या हुआ कि…
पूरन के हाथ में मिठाई का डब्बा देख कर मैं हैरान रह गया. मैं ने पूछा, ‘‘किस खुशी में लाए हो भाई?’’
‘‘लड़के की फौज में नौकरी लग गई है,’’ उस ने कहा. ‘‘बहुत अच्छा. कैसे लगी? कोई देवता, कोई सिफारिश?’’
‘‘नहीं, शिवचरन भैया. न किसी देवता ने लगवाई, न सिफारिश ने. उस की नौकरी उस की मेहनत से लगी है.
‘‘उस मेहनत को बढ़ावा देने वाले थे तुम. मैं तुम्हारी हिदायतें जिंदगीभर नहीं भूलूंगा. देवता वगैरह तो सब बकवास की बात है. हर काम में काम करती है मेहनत. अच्छा, मैं चलता हूं.’’
‘‘अरे पूरन, चाय तो पी कर जाओ,’’ मैं ने रोका. ‘‘नहीं भैया, जल्दी में हूं,’’ कहता हुआ पूरन चला गया.
पूरन हमारे महल्ले का ही रहने वाला था. उस का घर दूसरे छोर पर था. स्कूल में मेरा सहपाठी रहा था, इसलिए मेरा अच्छा दोस्त भी था. पर अंधविश्वासी बहुत था. देवीदेवताओं पर पूरा भरोसा करता था. लेकिन आज उस के बदले स्वभाव को देख कर मुझे बड़ी खुशी हो रही थी.
मैं आज भी उस दिन को नहीं भूला हूं, जब पूरन मेरे पास कैला माता पर जाने के लिए रुपए उधार लेने आया था.
‘‘शिवचरन, 5 सौ रुपए देना.’’ ‘‘क्या करेगा?’’ मैं ने पूछा.
‘‘बड़ा बेटा लाखन कैला माता पर जा रहा है.’’ ‘‘क्यों?’’
‘‘अगर माता ने सुन ली, तो कोई नौकरी लग जाएगी.’’
पूरन की बात पर मुझे हंसी आ गई और वह था कि मुझे गुस्साई नजरों से घूर रहा था.
मैं ने पूछा, ‘‘कब से जा रहा है तेरा लड़का वहां?’’ ‘‘एक साल से.’’ ‘‘छोटे भगत ने आदत लगाई होगी?’’
‘‘हां, छोटे भगत ने कई लोगों का भला करवा दिया है.’’ ‘‘एक साल में माता ने तुम्हारी नहीं सुनी?’’
‘‘सुनेगी. वह बड़ी देवी है. एक बार में ही थोड़े सुन लेगी.’’ ‘‘पक्का विश्वास है?’’ ‘‘हां.’’
‘‘तो ले जाओ रुपए. पर मैं तुम से एक बार फिर कह रहा हूं कि यह केवल अंधविश्वास है. इस से होना कुछ नहीं है.’’ मैं ने पूरन को 5 सौ रुपए दे दिए थे.
गांव में छोटे भगत ने इतना अंधविश्वास फैला रखा था कि पूछो मत.
हर शनिवार को गांव के बाहर काली माता की मूर्ति के पास बैठ वह घंटों पूजा किया करता, फिर लोगों को उस के चमत्कार बताता. धीरेधीरे वह बीमारियों के इलाज का ढोंग करने लगा. इस से उस का धंधा अच्छा चल निकला. कैसी भी बीमारी हो, कहता कि माता फौरन ठीक कर देगी.
लोग डाक्टर की दवा लाते, पर बीमारी जल्दी ठीक हो, इस उतावलेपन में बीच में दवा छोड़ देते और छोटे भगत के पास पहुंच जाते. मरीज दवाओं के असर से ठीक होता और सारी वाहवाही छोटे भगत को जाती. जो ठीक नहीं होता, उस के बारे में कहा जाता कि उस से काली मां नाराज है.
छोटे भगत के पास पूरे दिन भीड़ लगी रहती. ठीक होने वाला छोटे भगत को दक्षिणा देता, अनाज लाता, कपड़े देता. शराब की बोतल तो हर दुखियारा लाता.
शराब को तो छोटे भगत और उस के साथ 4 पंडे गटकगटक कर पी जाते. चढ़ावे के रुपयों से छोटे भगत के तो दिन बदल गए. उस का लड़का प्राइवेट स्कूल में पढ़ने लगा. उस की झोंपड़ी हट चुकी थी और पक्का कमरा बन चुका था. एक मोटरसाइकिल भी खरीद लाया था.
बिना काम किए उस के दिन बदलते जा रहे थे. पढ़ेलिखे लोग भी उस की अंधविश्वास भरी बातों में आ जाते.
वैसे स्कूलकालेजों की किताबों में अंधविश्वास की पोल थोड़े ही खोली जाती है.
गांव के ही केशव के मामा का लड़का सरकारी स्कूल में टीचर था. उस की बीवी के कोई बच्चा नहीं हुआ था. शादी को 3 साल बीत चुके थे. वह भी कई महीनों से उस के यहां चक्कर लगा रहा था.
मैं ने उस को समझाया कि बच्चा नहीं हुआ, तो दोनों किसी डाक्टर के यहां टेस्ट करवाओ. यह भगत इस में क्या कर सकता है.
टीचर बोला, ‘‘टेस्ट करवा लिया है. डाक्टर मुझ में ही कमी बता रहा है. पर छोटे भगत का कहना है कि तुम में कोई कमी नहीं है. बच्चा हो जाएगा.’’
मैं ने समझाया, ‘‘जब आप में कमी है, तो बच्चा कैसे हो सकता है?’’
वह बोला, ‘‘माता मैया की मेहरबानी हो, तो सबकुछ हो सकता है.’’
मैं चुप हो गया. अच्छाखासा पढ़ालिखा शख्स ही जब अंधविश्वास में इतना डूबा है, तो उस को कैसे समझाया जा सकता है.
वह अपनी बीवी को 4 दिनों के लिए छोटे भगत के पास छोड़ गया. घर में भी वह रात में औरतों को बैठा कर पूजापाठ करता. जम कर शराब पीता और अपने चारों पंडों को पिलाता. जब अकेली औरत अपने पति से दूर शराबी भगत के घर रहेगी, तो यह तो हो ही नहीं सकता कि वह सतीसावित्री बनी रहे.
ऐसा ही हुआ. एक साल बाद मास्टरनी के बच्चा हो गया. अब मास्टर भगत का पक्का चेला बन गया. छोटे भगत ने ऐसे ही 2-4 कारनामे कर दिखाए, अब तो पूरा गांव उस के प्रति भरोसा जताने लगा.
पूरन भी उस की सेवा करने लगा. उस के लिए शराब की बोतल लाता. हर शनिवार को बकरे का मीट लाता. चारों पंडे और छोटे भगत आराम से खाते.
पूरन से उस ने कह दिया था, ‘‘तू हर पूर्णमासी को कैला माता पर चला जाया कर. इस काली मां का पक्का स्थान वही है. वह तेरी सुन लेगी. मैं भी उस से तेरे बारे में कहूंगा और तेरे लड़के की नौकरी लग जाएगी.’’
पूरन तभी से कैला माता जाने लगा. कई बार वह खुद नहीं जा पाता, तो लाखन को भेज देता. लाखन उस का वही लड़का था, जो फौज में जाने की तैयारी कर रहा था.
एक दिन पूरन अपनी छोटी साली को ले आया. 15-16 साल की उस लड़की को परेशानी यह थी कि उस की आंख में सफेद फूली थी.
मैं ने पूरन से कहा, ‘‘पूरन भाई, तुम क्यों इस भगत की बातों में आ जाते हो? यह औरतों को बहलाफुसला कर गलत काम करता है. वह इस फूली को ठीक नहीं कर सकता.’’ ‘‘लेकिन उस ने हां कर ली है.’’
‘‘हां, इसलिए कर ली है कि तुम्हारी साली जवान है. ठीक है, तुम हमारी बात पर भरोसा मत करो, पर अपनी साली को अकेली उस के पास मत रहने देना.’’
लड़की पूरे एक महीना रही. पूरन ने वैसे तो लड़की का पूरा ध्यान रखा, पर भगत उस की फूली को ठीक नहीं कर पाया.
मैं ने पूरन से कहा, ‘‘पूरन, अब तो तुम्हारा भरम दूर हो गया.’’
पूरन के मन में अब भी शक था. वह बोला, ‘‘नहीं भाई, लड़की के फूली बचपन की थी. नई होती तो ठीक हो जाती.’’ इस बार मैं ने जिद नहीं की.
एक दिन दूर के गांव की एक नईनवेली दुलहन को पागलपन का दौरा पड़ गया. वह उसे भूत समझ कर छोटे भगत के पास ले आए. मैं ने उस के घर वालों से कहा कि भूतप्रेत वगैरह कुछ नहीं होता, यह दिमागी बीमारी है. मिरगी का दौरा हो सकता है. किसी अच्छे डाक्टर को दिखाओ, पर वह मेरी बात मानने को तैयार नहीं हुए.
रात में छोटे भगत ने उस के घर वालों को कमरे से बाहर निकाल दिया. पूरन उस समय वहीं था. वह बगल की खिड़की पर पहुंच गया कि देखें, क्या करता है.
वह भूत वाली दुलहन काफी खूबसूरत थी. छोटे भगत ने कमरे में ही उस के साथ बलात्कार कर डाला. लड़की को तब तक पागलपन का दौरा था, पर पागलपन का दौरा अचानक हट गया और उस ने देखा कि छोटे भगत उस के साथ बलात्कार कर रहा था.
वह चिल्लाने लगी और किसी तरह अपने को छोटे भगत के चंगुल से छुड़ा कर दरवाजे की कुंडी खोल दी. औरत के घर वाले बड़े गुस्सैल थे. रात में ही उन्होंने छोटे भगत और उस के बचाव के लिए आए पंडों की धुनाई कर दी.
सुबह पूरे गांव में छोटे भगत की थूथू हो रही थी. छोटे भगत उसी दिन से हमेशा के लिए यह काम भूल गया.
मैं ने पूरन से कहा, ‘‘तुम्हारा भरम अब तो दूर हो गया. इस ढोंग के सहारे यह लोगों को ठग रहा था और औरतों की इज्जत से खेल रहा था.’’
‘‘पक्का बदमाश था. मैं ने तो इस को बहुत भला आदमी समझा था. भैया, तुम एकदम सही कहते थे. और तो और तुम्हारी बात पर तो खुद मैं भी भरोसा नहीं करता था,’’ पूरन बोला.
‘‘अब पक्का भरोसा हो गया मेरी बात पर?’’ मैं ने पूछा. ‘‘हां, अब भी नहीं होगा क्या?’’
‘‘तो अब मेरी बात मान, लाखन के लिए खुराक बढ़ा दे. उसे भरपूर तैयारी करने दे. तैयारी करेगा तो नौकरी अपनेआप लग जाएगी. क्यों उसे यों ही बेकार हर पूर्णमासी को कैला माता भेजते हो,’’ मैं ने पूरन को समझाते हुए कहा.
पूरन हैरान होते हुए बोला, ‘‘शिवचरन भाई, यह छोटे भगत और पंडे तो ढोंगी हैं, पर कैला माता कैसे ढोंगी हो सकती हैं. परीक्षा में तो पास हो जाता है मेरा लड़का. बस, इंटरव्यू में रह जाता है. माता मैया सुन लेंगी, तो इस बार इंटरव्यू में निकल जाएगा.’’
मैं ने कहा, ‘‘अगर माता मैया ही सभी को नौकरी दिला देतीं, तो छात्र क्यों पढ़ते? क्यों इतनी मेहनत करते? बस, चुपचाप माता मैया की पूजा करते और नौकरी लग जाती. अच्छा, यह बता कि तू लड़के को खुराक क्या देता है?’’ ‘‘खुराक तो तब दें, जब भैंस हो. कहां से दें खुराक?’’
मुझे उस के भोलेपन पर तरस आया और गुस्सा भी. मैं ने उसे समझाते हुए कहा, ‘‘तू जिन रुपयों को माता मैया व भक्तों पर खर्च करता है, उन रुपयों को अगर लड़के की खुराक व कंपीटीशन के लिए किताबें वगैरह खरीदने में खर्च करे, तो तेरे लड़के की सेहत भी बनेगी और फौज के इंटरव्यू में होने वाली भागदौड़ में भी वह पास हो जाएगा.’’
मेरी बात सुन पूरन कुछ देर के लिए चुप हो गया. शायद वह मेरी बातों से सहमत था. पर फिर पूछने लगा, ‘‘इतने लोग तो आते हैं माता मैया पर, क्या सब वैसे ही आते हैं?’’
‘‘मंदिरमसजिद पर अमीर आदमी तो घूमने के लिए आते हैं, उन के पास पैसे की क्या कमी है. वे अपना पैसा सैरसपाटे में खर्च करते रहते हैं. उन को क्या फर्क पड़ता है. पर तुम हो मजदूर. खानेपीने, पहननेओढ़ने तक ही कमा पाते हो. फिर उस में से भी अमीरों की तरह सैरसपाटों में खर्च करो, तो कहां से आएगा पैसा? गरीबी और बढ़ेगी.’’
‘‘तो माता मैया किसी की नहीं सुनतीं?’’ पूरन ने फिर सवाल किया.
‘‘चलो, थोड़ी देर के लिए मैं यह मान लेता हूं कि माता मैया सुन लेती हैं, पर जब वह सुन लेती हैं और अपने भक्त का ध्यान भी रखती हैं, तो कई बार देवी के दर्शन के लिए आने वाले लोग दुर्घटना में मारे क्यों जाते हैं? तब कोई देवी उन्हें क्यों नहीं बचाती? मंदिरमसजिद के आगे जब भीड़ में कई लोगों की जेब कट जाती है, तब देवी उन की हिफाजत क्यों नहीं करती?’’
मेरी बातों से सहमत होते हुए पूरन ने कहा, ‘‘तुम्हारी बात बिलकुल सही है. अब मैं अपने लड़के को किसी भी देवीदेवता पर माथा टेकने नहीं भेजूंगा, न मैं खुद जाऊंगा. समय और पैसा दोनों बरबाद होता है सो अलग.’’
पूरन उसी दिन से समझ गया था और अंधविश्वास भरी बातें करना उस ने छोड़ दिया था. अपने लड़के को वह पूरा समय देता. घर में एक भैंस बांध दी और लड़के को सुबह नदी किनारे दौड़ व कसरत के लिए ले जाता.
आज सचमुच पूरन का लड़का फौज में भरती हो गया था. मैं बड़ा खुश हो रहा था कि चलो, मेरे समझाने से एक आदमी ने तो अंधविश्वासों से हट कर अपनी जिंदगी संवार ली. Hindi Kahani




