Heart Touching Story. ‘‘बाप रे, आप का घर तो बहुत बड़ा है. इतने बड़े घर में अकेली कैसे रहती हैं? डर नहीं लगता क्या?’’ रश्मि ने बूढ़ी हो चुकीं मालकिन लक्ष्मीजी से पूछा.
‘‘डर तो नहीं लगता है, पर बहुत अकेलापन महसूस होता है. क्या करूं… सेठजी को मरे तकरीबन 2 साल होने को आए हैं. दोनों बेटे विदेश चले गए हैं. एक आस्ट्रेलिया में, तो दूसरा अमेरिका में. शादी भी वहीं कर ली है. अब मैं अकेली इस अपार धनदौलत की चौकीदार बनी बैठी हूं.”
‘‘खैर, तुम को एक काम के लिए बुलाया था. रश्मि, मुझे एक माहिर और भरोसेमंद ड्राइवर ला दो. मेरा पुराना ड्राइवर अपनी बीवी की बीमारी की खबर पा कर फौरन गांव चला गया है. जल्दी में मुझे कोई दूसरा ड्राइवर भी नहीं दे गया है.”
‘‘ड्राइवर के बगैर न तो मैं डाक्टर के पास जा सकती हूं, न मंदिर. कभीकभार रिश्तेदारों के यहां भी चली जाया करती हूं, पर ड्राइवर के बिना सब रुका पड़ा है. अब इस बुढ़ापे में हिम्मत नहीं होती है. सांस की मरीज हूं, सो अलग.’’
‘‘अच्छा मांजी, मैं जरूर देखूंगी कि आप की इस परेशानी को हल कर सकती हूं या नहीं.’’
रश्मि घर आ कर सोचने लगी कि इतने में उस की भाभी ने आ कर पूछा, ‘‘रश्मि, क्या सोच रही हो?’’
‘‘भाभी, क्या आप को मां की मालकिन की याद है? मां के गुजरने के बाद जिन्होंने मुझे सहारा दे कर बड़ा किया था, आज मैं यों ही उन का हालचाल पूछने चली गई, तो उन्होंने मुझे एक अच्छा भरोसेमंद ड्राइवर ला देने की बात कही. क्या करूं, कुछ समझ नहीं आता?’’
‘‘क्यों… तुम्हारे भाई साहब के दोस्त का छोटा भाई राजू भी तो ड्राइवर है, जो कई महीनों से खाली बैठा है. उसे ही भेज दो.’’ ‘‘आप ने ठीक कहा भाभी, उसी को भेजती हूं.’’
किसी ने दरवाजे पर दस्तक दी. मालकिन लक्ष्मीजी ने पूछा, ‘‘कौन?’’ चौकीदार ने दरवाजे से कहा, ‘‘मालकिन, आप ने ड्राइवर के लिए कहा था क्या? रश्मि ने एक लड़के को भेजा है. उस के भाई की जानपहचान वाला है. नाम है राजू.’’
राजू पहले किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था. उस ने कभी इतना शानदार घर नहीं देखा था. सेठानी का कमरा देख कर उस की तो आंखें ही चौंधिया गईं. उस ने सेठानीजी को नमस्ते कर ड्राइवर की नौकरी वाली बात बताई.
लड़के का अच्छा बरताव देख लक्ष्मीजी का दिल पसीज गया. उन्होंने उसे 3 हजार रुपए महीना व मुफ्त क्वार्टर दे कर अपने पास रख लिया.
राजू मन लगा कर काम करने लगा. लक्ष्मीजी घर से कम ही बाहर जाती थीं. फिर भी हफ्ते में 2-3 चक्कर तो लग ही जाते थे. राजू सेठानीजी के ऐशोआराम के दिखावे से बहुत प्रभावित था. उस के मन में धीरेधीरे इस दौलत को पाने के लिए लालच पैदा हो रहा था.
कई बार उस के मन में होता कि वह कोई भारी रकम चुरा कर भाग जाए और गरीबी की इस जिंदगी से छुटकारा पा ले, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाता था. घर में और भी कई नौकरचाकर थे. वे सभी पुराने और भरोसेमंद थे, सो पकड़े जाने का खतरा भी बहुत था.
लक्ष्मीजी को सांस की तकलीफ थी. उन को रहरह कर अस्थमा इनहेलर इस्तेमाल करना पड़ता था. बगैर उस पंप के उन की हालत बहुत ही खराब हो जाती थी.
राजू ने देखा कि मालकिन के पास ऐसे कई पंप हैं. एक सोने के कमरे में, एक गाड़ी में व एक बैठक में भी रखा रहता था. घर पर कोई मिलने आए, तो मालकिन जरूरत पड़ने पर वहीं बैठेबैठे पंप उठा कर मुंह में ठूंस लिया करती थीं.
राजू ने यह गौर किया था कि पंप के बिना मालकिन मर भी सकती हैं. उस के मन में यह बात जम गई थी.
दिन बीतते गए. राजू के काम और बरताव से लक्ष्मीजी बहुत खुश थीं. उन के मन में धीरेधीरे उस के लिए स्नेह का भाव जागने लगा था.
कई दिनों से काफी सर्दी हो रही थी. इस की वजह से लक्ष्मीजी की तबीयत कुछ ज्यादा ही खराब थी. वह अपने बेडरूम में एक आरामकुरसी पर बैठी थीं. राजू पास ही बैठा इधरउधर की बातें कर उन का दिल बहला रहा था. नौकरचाकर सब नीचे रसोईघर में थे.
तभी अचानक लक्ष्मीजी को दमे का जबरदस्त दौरा आया. उन का मानो दम ही घुटने लगा. वह हांफती हुई इधरउधर हाथ फैलाती पंप ढूंढ़ने लगीं. राजू की तरफ कातर आंखों से देखा कि वह उन को पंप पकड़ा दे.
अचानक राजू को लगा कि यह अच्छा मौका है. अगर वह पंप नहीं देगा, तो मालकिन कुछ ही मिनटों में चल बसेंगी और वह अच्छा माल बटोर कर पीछे के दरवाजे से भाग निकलेगा. इस तरह हमेशाहमेशा के लिए गरीबी से छुट्टी.
इसी समय उसे अपनी मरी हुई दादी की याद आ गई, जो कहा करती थीं, ‘दया करने से ही सुख मिलता है. गलत करोगे, तो पछताना पड़ता है.’
ऐसी बातों से तो राजू कोसों दूर था. वह एक नंबर का चोर भी था. गाड़ी से पेट्रोल चुराना और उस के छोटेमोटे पुरजे निकाल कर बेच देना तो उस के बाएं हाथ का खेल था.
चोरी पकड़े जाने की वजह से ही उस की पिछली नौकरी गई थी. पर देखने में वह भोला था और बातें भी खूब बना लिया करता था. लोगों को उस पर भरोसा होते देर नहीं लगती थी. ऐसे ही उस ने इस मालकिन को भी पटा रखा था.
पर आज वह क्या करेगा, दया दिखाएगा या उन को मर जाने देगा? उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था. उस का मरा हुआ जमीर फिर से जागा.
दरअसल, राजू की दादी अपने आखिरी दिनों में बहुत ही लाचार थीं. दादाजी के गुजरने के बाद वह एकदम बेसहारा और अकेली पड़ गई थीं. घर में कोई उन्हें नहीं पूछता था. बिलकुल इस मालकिन की तरह अकेली थीं वह.
अचानक मालकिन कराहीं और छटपटाते हुए राजू के उस हाथ की ओर इशारा किया, जिस में उस ने पंप पकड़ रखा था. राजू को एहसास हुआ, मानो दादी ही उस का हाथ पकड़ रही हैं और पंप मालकिन के मुंह में ठूंस दिया.
पंप से थोड़ी देर में मालकिन को कुछ होश आया और उन्होंने आंखें बंद रख कर ही कहा, ‘‘डाक्टर…’’
राजू झट उठा और फोन कर फैमिली डाक्टर बासु को खबर कर दी. डाक्टर बासु आए और लक्ष्मीजी को आक्सिजन पर रख दिया.
अब तक तो घर के सारे नौकरचाकर कमरे में इकट्ठा हो गए थे और राजू की खूब तारीफ कर रहे थे.
डाक्टर बासु ने भी चलते हुए राजू की पीठ थपथपाई. पर राजू खुद जानता था कि उस के मन में क्या था.
कुछ दिनों में लक्ष्मीजी ठीक तो हुईं, पर उन की सेहत पहले से कहीं ज्यादा गिर गई थी. राजू को उन्होंने अपना बेटा मान लिया था. घर में उस की खूब खातिरदारी होने लगी थी.
अब राजू खूब मन लगा कर उन की सेवा करता था. एक साल बाद एक दिन उन्होंने राजू को अकेले में बुला कर कहा, ‘‘बेटा, मैं तो अब इस दुनिया से चलने के इंतजार में हूं. मरने से पहले मैं तुम से कुछ कहना चाहती हूं.
‘‘मैं ने अपना वसीयतनामा तैयार कर लिया है और सारी जायदाद तुम्हारे नाम कर दी है. तुम अपनी समझ से घर के नौकरों व दफ्तर के मुलाजिमों को कुछ पैसा दे देना. कारोबार तुम्हीं संभालना और सारा धन जनसेवा में लगाना, खासकर बेसहारा बूढ़ों की सेवा में.
‘‘मेरा यह घर बहुत बड़ा है. आधे में बढ़ी औरतों के लिए और बाकी आधे में बूढ़ों के लिए वृद्धाश्रम बना देना. इस दुनिया में लोग अपने लिए जीते हैं, लेकिन बेटे, तुम दूसरों के लिए जीना. मेरा आशीर्वाद सदा तुम्हारे साथ रहेगा.’’
यह सुन कर राजू दंग रह गया. मालकिन ने यह क्या किया? चोर के हाथ खजाना सौंप दिया?
इस के कुछ ही दिनों बाद मालकिन गुजर गईं. सबकुछ उन्हीं के कहे मुताबिक हुआ. घर 2 हिस्सों में बंट गया. एक तरफ बूढ़ी औरतें तो दूसरी तरफ बूढ़े रहने लगे, बिलकुल अपने घर जैसे.
वे अपनी मरजी से खातेपीते, कभी खुद बनाते, कभी रसोइए से बनवाते. आपस में मिलजुल कर रहते. एकदूसरे का सुखदुख बांटते. जिस का मन होता, वह बगीचे में जा कर बागबानी भी करता.
इन सब का सेवक था राजू. वह सब की देखभाल करता था. कभी उन के बीच कोई आपसी मतभेद पैदा हो जाता, तो उन्हें भी निबटाता था. यह उस का ‘अपना घर’ था. घर के बाकी सदस्य भी उस को अपना सगा व घर को ‘अपना घर’ समझते थे.
लक्ष्मीजी के भरोसे ने चोर, घमंडी राजू को, जिस ने एक बार उन की जान लेने की बात भी सोची थी, शरीफ राजू में बदल दिया था. Heart Touching Story




