Hindi Short Story. शहजाद आज किसी को मुंह दिखाने के लायक न रहा. वह अपनेआप को कोस रहा था कि उस ने अपनी बीवी शहनाज को उस दरिंदे मौलवी के हाथों सौंप दिया, जिस ने उस के पैसे के साथसाथ शहनाज की इज्जत भी लूट ली.

शहजाद की गिनती शहर के बड़े कारोबारियों में होती थी. हो भी क्यों न, शहर की मुख्य सड़क पर उस की बहुत बड़ी कपड़ों की दुकान थी, जिस का धंधा रोजाना 30-40 हजार रुपए का होता था.

यों तो शहजाद के पास पैसे की कोई कमी न थी. कमी थी तो बस उस पैसे को संभालने वाले वारिस की.

शादी के 5 साल गुजर जाने के बाद भी शहजाद बाप नहीं बन पाया था. आज से तकरीबन 5 साल पहले उस की शादी पास के ही गांव में एक रईस परिवार में हुई थी. उस की बीवी का था नाम शहनाज, जो देखने में किसी हूर से कम नहीं थी.

शहनाज जैसी खूबसूरत बीवी पा कर उस की इज्जत में चार चांद लग गए थे. यही वजह थी कि गांव के कई जवां मर्द उस की बीवी की एक झलक पाने के लिए हमेशा बेताब रहते थे.

शादी के बाद कुछ समय तो सही गुजरा, पर बाद में शहजाद परेशान रहने लगा. वजह थी कि शादी के 5 साल गुजर जाने के बाद भी उसे बाप बनना नसीब न हुआ.

शहजाद को गुमसुम देख एक दिन उस के दोस्त ने पूछ ही लिया, ‘यार, तुम आजकल इतना गुमसुम क्यों रहते हो? कहीं भाभी से झगड़ा तो नहीं हो गया?’

शहजाद को बताना ही पड़ा, ‘दरअसल, बात यह है कि शादी के इतने समय बीतने के बाद भी मैं अभी तक बाप नहीं बन पाया हूं.’

इतना सुनते ही उस के दोस्त ने उसे एक मौलवी का पता बताया, ‘यार, पास ही के गांव में एक मौलवी आया हुआ है, जिस ने कई मरीजों को ठीक कर दिया. कई बांझ औरतों को औलाद दे दी. तू भी एक बार उन से जरूर मिल ले.’

इतना सुनते ही शहजाद की खुशी का ठिकाना न रहा. वह फौरन उस मौलवी से मिलने चला गया. जब वह मौलवी के पास पहुंचा और उन्हें अपना दुखड़ा सुनाया, तो मौलवी ने बीवी को साथ लाने के लिए कहा.

शहजाद अगले ही रोज शहनाज को उस मौलवी के पास ले गया, जिसे देखते ही मौलवी उस पर मरमिटा और उसे अपनी हवस का शिकार बनाने की तरकीब सोचने लगा.

कुछ देर सोचने के बाद मौलवी बोला, ‘तुम्हारी बीवी पर एक बांझ औरत की आत्मा का साया है, जो इसे मां बनने से रोक रही है. इस काम में काफी खर्चा भी होगा और कई महीने भी लग सकते हैं.’

पहले तो शहजाद हिचकिचाया, पर बाप बनने की चाहत ने उसे मना ही लिया. शहजाद उस मौलवी को अपने साथ घर ले आया और अपने बेडरूम के बराबर वाले कमरे में ही उस मौलवी के रहने का इंतजाम कर दिया.

घर को देखते ही मौलवी समझ गया कि आज बड़ी मुरगी हाथ लगी है. इतने बड़े घर में मियांबीवी के अलावा कोई और नहीं था.

अब रोजाना मौलवी अच्छेअच्छे पकवान बनवाने लगा और जड़ीबूटी के बहाने रुपए भी ऐंठने लगा.

इस तरह एक महीना गुजर गया, पर शहजाद को बाप बनने की कोई उम्मीद नजर न आती देख उस ने मौलवी से पूछ ही लिया कि आखिर और कितने दिन लगेंगे?

मौलवी समझ गया कि अब इस घर में ज्यादा दिन दाल गलने वाली नहीं.

मौलवी ने जवाब दिया, ‘और 3-4 दिन लग जाएंगे. उस आत्मा को भगाने का एक ही रास्ता है, तुम कल रात ठीक 12 बजे शहर के बाहर जो कब्रिस्तान है, वहां जा कर बैठ जाना और सवेरा होते ही तुम उस कब्र से मिट्टी ले आना. तुम जैसे ही मिट्टी लाओगे, फौरन अपनी बीवी के ऊपर फेंक देना. वह आत्मा हमेशा के लिए उस कब्र में दफन हो जाएगी.’

यह सुन कर शहजाद पहले तो हिचकिचाया कि अपनी बीवी को अकेला इस मौलवी के पास छोड़ रातभर कब्रिस्तान में गुजारे, पर मौलवी ने इस के बिना कोई और उपाय न होने का बहाना किया.

आखिर बाप बनने की चाहत ने शहजाद को मजबूर कर दिया और वह रात होते ही कब्रिस्तान चला गया.

इधर मौलवी ने शहनाज पर कुछ बुदबुदा कर फूंक मारनी शुरू कर दी. जब शहजाद को घर से निकले एक घंटा हो गया, तो उस ने शहनाज को अपनी बांहों में भर लिया.

मौलवी का यह रूप देख शहनाज घबरा गई. मौलवी के चंगुल से छूटने की उस ने नाकाम कोशिश की, पर कामयाब न हो सकी.

इतने बड़े सूने बंद कमरे में उस की आवाज सुनने वाला कोई न था. मौलवी ने फौरन शहनाज के बदन के सारे कपड़े फाड़ दिए और अपने भी कपड़े उतार कर शहनाज पर हावी हो गया.

इस तरह वह रातभर शहनाज की इज्जत से खेलता रहा. उधर शहजाद औलाद की चाहत में रातभर सुनसान कब्रिस्तान में सूरज निकलने के इंतजार में बैठा रहा.

इस तरह रातभर शहनाज की इज्जत लुटती रही और बेहोश हो गई. इस के बाद मौलवी जल्दी से उठा और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर शहजाद के बेडरूम में घुस गया, जहां से उस ने सारे जेवर, रुपएपैसे एक बैग में भरे और सूरज निकलने से पहले ही भाग गया.

सुबह होते ही शहजाद मिट्टी ले कर घर पहुंचा, तो सारा सामान इधरउधर बिखरा देख घबरा गया. वह झट से उस कमरे में पहुंचा, जहां शहनाज को मौलवी के पास छोड़ गया था. जैसे ही उस ने दरवाजा खोला, अंदर का नजारा देख उस के होश उड़ गए.

इस घटना के बाद पूरे गांव में तरहतरह की बातें होने लगीं. शहजाद की सारी इज्जत मिट्टी में मिल गई. वह अपनेआप को कोसने लगा कि काश, वह उस पाखंडी मौलवी के चक्कर में न पड़ता.

2 महीने तक शहजाद गुस्से में रहा, पर एक दिन शहनाज को उल्टी करता देख उस का दिल बैठने लगा. शहनाज मां बनने वाली थी. अब उसे सूझ नहीं रहा था कि वह खुश हो या गुस्सा करे. उसे लगा कि वह किसी गहरे कुएं में है, जहां से न तो वह निकल सकता है, न ही मर सकता है. Hindi Short Story

-अंसारी जीशान अहमद

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...