चरण सिंह ने अब पक्का फैसला कर लिया था कि वह अपनी बेटी सुक्खी को नर्सिंग का कोर्स करवा देगा. उस ने कई लोगों से सलाहमशवरा किया था कि वह अपनी बेटी को नर्सिंग का कोर्स करवाए या नहीं. उस के रास्ते में कई मजबूरियां खड़ी थीं. सोच की दलदल में वह इस तरह धंस गया था कि न तो बाहर आ सका और न भीतर जा सका.

चरण सिंह एक सरकारी स्कूल में चपरासी था. वह सैनिक विभाग से पेंशन भी ले रहा था. सर्टिफिकेट में उस की उम्र कम थी. होगा वह कोई 62 साल के आसपास, लेकिन कागजों में अभी उसे रिटायर होना बाकी था. अभी उस की एक साल की नौकरी रहती थी. वह अनपढ़ था और सिर्फ दस्तखत करना ही जानता था.

चरण सिंह के कुल 6 बच्चे थे. 3 बेटों और 2 बेटियों की उस ने शादी कर दी थी. वह सोचता कि एक साल के बाद रिटायर हो जाने पर वह छोटी बेटी सुक्खी का खर्च कहां से देगा?

5 बच्चों की शादियां करना कोई खेल नहीं था. लड़के अपनेअपने घर चला रहे थे. बालबच्चेदार थे. वे चरण सिंह की कोई मदद नहीं करते थे. यहां तक कि आपस में बोलचाल भी नहीं थी. बेटियां जब अपने घर ब्याह कर चली जाती हैं, तो अपनी घरेलू जिम्मेदारियों में लग जाती हैं.

सुक्खी पढ़ाई में होशियार थी. चरण सिंह के लड़के, बेटियां व दामाद, साले व दूसरे रिश्तेदार सभी कहते थे कि तू सुक्खी को कोर्स करवा के क्या कर लेगा? इस के हाथ पीले कर विदा कर.

बुढ़ापे में यह पहाड़ सी जिम्मेदारियां कहां निभाता रहेगा. बेटियां तो पराया धन होती हैं. लड़की को कोर्स कराने का तुझे क्या फायदा? फायदा तो अगले घर वालों को ही होगा. और इतना खर्च कहां से करेगा. बुढ़ापे में लोग जान के दुश्मन बन जाते हैं.

लड़की को नर्सिंग का कोर्स मत करवा, इस में काफी पैसा और समय लगता है. यह सोच कि इस के हाथ पीले कैसे करने हैं? कोई जरूरत नहीं लड़की को कोर्स करवाने की. दूसरी लड़कियों ने कौन से कोर्स किए हैं.

कुलमिला कर कोई भी रिश्तेदार, सगेसंबंधी चरण सिंह की बातों से सहमत नहीं था. उस के लड़के हाथ खड़े कर गए थे. उन्होंने कहा था, ‘बापू, हम से किसी किस्म की उम्मीद मत रखना. हमारा तो पहले ही मुश्किल से गुजारा चल रहा है. तेरा तो दिमाग खराब हो गया है, जो बुढ़ापे में मुसीबतें मोल ले रहा है.’

खैर, चरण सिंह ने अपने स्कूल के एक समझदार मास्टर से सुक्खी के कोर्स के बारे में बात की, तो उस मास्टर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘‘चरण सिंह, अगर लड़की को दाखिला मिलता है, तो देर मत कर.’’

‘‘पर मास्टरजी, मैं इतने सारे पैसे कहां से लाऊंगा? 60 हजार रुपए डोनेशन मांग रहे हैं. एक साल के बाद मैं रिटायर हो जाऊंगा. पहले ही घर की जिम्मेदारियों से कमर टूट चुकी है.

‘‘समझदार लोग सच ही तो कहते हैं मास्टरजी कि बच्चा एक ही होना चाहिए. शौक से उस के चाव तो पूरे हो जाते हैं. इतने बच्चों से जिंदगी कोई जिंदगी नहीं होती.

‘‘चलो, लड़के तो थोड़ाबहुत पढ़लिख कर फौज में भरती हो गए. लड़कियां भी पढ़लिख कर अगले घर चली गईं. पर मास्टरजी, सुक्खी बेटी पढ़ने में अच्छी है. कभी ऊंचा नहीं बोलती. मेरा दिल करता है कि लोन ले कर यह कोर्स करवा दूं, पर घर का कोई भी सदस्य मेरे साथ नहीं है. यहां तक कि सुक्खी की मां भी नहीं. वह भी कहती है कि क्या हम लड़की की कमाई खाने जाएंगे. मेरी मानो, तो चुप कर के लड़की के हाथ पीले कर दो.’’

‘‘देख चरण सिंह, समय कब बीत जाता है, पता नहीं चलता. हमारी कितनी उम्र हो गई है. ऐसे लगता है, जैसे चुटकी बजाते उम्र बीत गई. जो काम जिंदगी में रह गए हैं, उन का पछतावा अब भी है. अगर वह काम कर लेते, तो अच्छा होता.

‘‘पैसे तो आतेजाते रहते हैं. तेरे पास तो थोड़ीबहुत जमीन भी है. जहां घर के लिए इतना कुछ किया है, वहां थोड़ा और कष्ट झेल कर लड़की को कोर्स करवा दे. किसी अच्छे घर ब्याही जाएगी. अगर लड़की पढ़ने में होशियार है, तो फिर उस को जरूर कोर्स करवा दे. लोन तो उतर ही जाता है. जरा पेट को गांठ मार लेना.

‘‘चरण सिंह, बेटी की ख्वाहिश के फूल मत तोड़. जब भी ये फूल खिलेंगे, तो देखना इन की खुशबू दूरदूर तक समाज को महका देगी. मेरे लायक कोई सेवा हो तो बताना. मैं भी तुम्हारी मदद जरूर करूंगा.’’

बस, मास्टरजी के अच्छे मशवरे को ध्यान में रख चरण सिंह ने सुक्खी बेटी को कोर्स करवाने का पक्का मन बना लिया. सभी का विरोध होने के बावजूद चरण सिंह ने इधरउधर से पैसे उठा कर बेटी को नर्सिंग कोर्स में दाखिला दिलवा दिया.

दिन, महीने उड़ते चले गए. बेटी सुक्खी पहले साल में अच्छे अंकों से पास हो गई. एक साल के बाद ही चरण सिंह रिटायर हो गया. उस की बीवी कुढ़ी रहती. बेटे भी नाराज थे, पर चरण सिंह ने रूखीसूखी खा कर दिन पूरे कर लिए.

आखिर बेटी कोर्स कर के घर आ गई. समय जब हक में होता है, तो लोग तलवे चाटते हैं. जीते हुए इनसान के गले में कौन हार नहीं डालता. समय सही आने पर पतझड़ में भी फूल खिल जाते हैं.

अब सब भीतर से खुश थे कि चलो, उन के खानदान में कोई तो डाक्टरी पेशे से जुड़ा है. अब जब भी जरूरत पड़ती, पड़ोसी, रिश्तेदार, सगेसंबंधी सब सुक्खी से दवा लिखवाते. अगर किसी बीमार को टीके की जरूरत होती, तो उस से लगवाने आते. अब तो गांव में ही गंगा बहने लगी थी.

सुक्खी को एक बड़े शहर के धर्मार्थ अस्पताल में नौकरी मिल गई. उस की शादी के लिए कई रिश्ते आने लगे थे.

इसी बीच अचानक चरण सिंह बीमार पड़ गया. उस की छाती में दर्द उठा था. इधरउधर से थोड़ाबहुत इलाज चलता रहा, पर उस की हालत बिगड़ती ही चली गई. आखिर सुक्खी की मां ने सुक्खी से फोन पर बात की कि तेरे बापू को तबीयत ठीक नहीं है.

सुक्खी छुट्टी वाले दिन बापू व मां को अपने साथ शहर ले आई. उस को वहां पर ही क्वार्टर मिला हुआ था. उस ने बापू का एक अच्छे डाक्टर से चेकअप करवाया, कई टेस्ट करवाए, तो पता चला कि उस की छाती में रसौली है, जो कैंसर जैसी बीमारी का रूप ले चुकी है. हजारोंलाखों रुपयों का खर्च था, पर सुक्खी ने अपने बापू को कुछ नहीं बताया था. बस, इतना कहा था कि छोटा सा आपरेशन करना पड़ेगा, घबराने की कोई बात नहीं है.

चरण सिंह उदास होते हुए बोला, ‘‘बेटी, कितने पैसे लगेंगे? अगर ज्यादा खर्च है, तो गांव में ही इलाज करवा लेते हैं.’’

सुक्खी भीतर से रो पड़ी, पर उस ने अपने आंसू कलेजे में ही दबा लिए कि कहीं बापू को पता न चल जाए.

सुक्खी ने फोन पर अपने भाइयों को व दूसरे नजदीकी रिश्तेदारों को बापू के आपरेशन के बारे में बताया व मदद के लिए कहा, पर सब मुंह मोड़ गए. फिर भी सुक्खी ने अपने बापू को बचाने के लिए दिनरात एक कर दिया.

वह अस्पताल के मालिक से मिली और सारी हालत बताई. मालिक अच्छे इनसान थे. उन्होंने सुक्खी से कहा कि पहले आप जल्दी से अपने पिता का आपरेशन करवाएं, बाकी फैसले बाद में लेंगे.

चरण सिंह का आपरेशन कामयाब हो गया. कई महीनों के बाद वह थोड़ाबहुत चलने लायक हो गया था. वह आपरेशन से पहले व बाद में भी सुक्खी से पूछता रहा कि इतना पैसा कहां से आएगा, क्योंकि सगेसंबंधी तो हाथ खड़े कर गए थे. उस के पास जो थोड़ेबहुत रुपएपैसे थे, वह दवा के लिए काफी नहीं थे, पर सुक्खी ने बापू को कहा, ‘‘आप चिंता न करें, सब ठीक हो जाएगा.’’

चरण सिंह कुछ तंदुरुस्त हुआ, तो उस ने फिर सुक्खी से पूछा कि इतना खर्च कैसे किया?

सुक्खी ने प्यार से बापू के मुंह की लार अपने आंचल के पल्लू से पोंछते हुए कहा, ‘‘बापू, आज तेरा कर्ज मैं ने चुका दिया है. तू कहता था न कि बेटियां पराया धन होती हैं. इन को पढ़ालिखा कर क्या लेना है? बापू, यह पढ़ाई का ही नतीजा है कि अस्पताल के मालिकों ने तेरा सारा खर्च माफ कर दिया है.’’

चरण सिंह ने हैरान हो कर सुक्खी को गले लगा लिया और उस के बहते आंसू जैसे यह कह रहे थे कि लोगो, बेटियां पराया धन नहीं होतीं. वे इस संसार की वह मोती हैं, जिन का कोई मोल नहीं होता है. बेटियों से ही सारे संसार में उमंगें हैं, तरंगें हैं, खूबसूरती है.  Story in Hindi

-बलविंद्र ‘बालम’

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...