Parde ki Duniya:

शहनाज और राघव का क्या है रिश्ता

राघव जुयाल का हाल ही में जन्मदिन था. उस पार्टी में शहनाज गिल भी आई थीं. इसी के साथ राघव की आने वाली फिल्म ‘भाई तेरा सुपरस्टार’ का ट्रेलर भी रिलीज हुआ था. वहां शहनाज गिल और राघव जुयाल की कैमिस्ट्री देख कर लोगों को महसूस हुआ कि इन दोनों के बीच प्यार की खिचड़ी पक रही है, क्योंकि दोनों एकदूजे के हाथों में हाथ डाल कर बाहर निकलते नजर आए थे. यही नहीं दोनों एक ही कार से वापस गए, जिस में शहनाज राघव की गोद में बैठे दिखी थीं.

शहनाज और राघव को साथ देखने के बाद से ही लोगों का उन की फोटो और वीडियो पर कमैंट करना जारी रहा था. किसी ने उन्हें टाउन का न्यू कपल बताया, तो कोई पूछ रहा है कि क्या वे सच में डेट कर रहे हैं?

जावेद जाफरी का दर्द

हिंदी फिल्म ‘धमाल 4’ में अपनी कौमेडी से लोगों को हंसाने वाले जावेद जाफरी के दिल में एक दर्द है कि वे कभी भी ए लिस्ट एक्टर क्यों नहीं बन पाए.

जावेद जाफरी के मुताबिक, ‘‘मुझे लगता है कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप को कैसे पेश किया जाता है. इस में पीआर भी शामिल है क्योंकि इंडस्ट्री का अपना एक जाल है. कई बार आप के बारे में कोई नैगेटिव बात फैल जाती है, तो आप को सच्चाई जानने या अपनी कोई पौजिटिव बात सामने लाने की जरूरत होती है.

‘‘कुछ मामलों में मैं ऐसा करने में नाकाम रहा. मैं किसी ग्रुप का हिस्सा भी नहीं था. साथ ही, अगर आप की कोई बड़ी हिट फिल्म आ जाती है, तो कोई आप से बहस नहीं करता. कामयाबी से बड़ी कोई चीज नहीं होती. जैसा सलमान खान के साथ हुआ. वे ‘बीवी हो तो ऐसी’ से आए थे और लोगों ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया था… फिर ‘मैं ने प्यार किया’ आई और हर कोई उन के पीछे भागने लगा.’’

रश्मिका ने बिताए 20 घंटे पानी मे

रश्मिका मंदाना की एक फिल्म आ रही है ‘मैसा’, जिस में भारत का पहला फीमेल लीड अंडरवाटर एक्शन सीक्वैंस शूट किया है और इस के लिए उन्होंने किसी एक्शन डबल का इस्तेमाल नहीं किया है. इस सीक्वैंस को पूरा करने के लिए उन्होंने 2 दिनों में करीब 20 घंटे पानी के अंदर बिताए.

रवींद्र पुल्ले के डायरैक्शन में बनी ‘मैसा’ आदिवासी इलाकों की कहानी पर आधारित एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर फिल्म है. कहा जा रहा है कि इस फिल्म में समंदर की गहराइयों के नीचे एक ऐसी जंग छिपी है, जिसे भारतीय सिनेमा ने पहले कभी नहीं देखा है.

मीरा चोपड़ा का फूटा गुस्सा

प्रिंयका चोपड़ा की चचेरी बहन मीरा चोपड़ा ने ‘सैक्शन 375’, ‘1920 लंदन’ जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया है. हाल ही में राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 साल की नाबालिग लड़की के रेप मामले में उन का गुस्सा फूट पड़ा.

मीरा चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर इस घटना को ले कर दुख जताया और कहा, ‘मैं उस के बारे में सोचने से खुद को रोक नहीं पा रही हूं. 13 साल की बच्ची और 32 आदमियों ने उस पर बेरहमी से हमला किया. इन आदमियों को मौत की सजा से कम कुछ भी नहीं मिलना चाहिए.’

इस घटना की जांच में पुलिस को पता लगा कि बच्ची को एक ईरिकशा चालक ने बहलाफुसला कर होटल मालिकों को सौंप दिया था, जहां कई दरिंदों ने उस के साथ रेप किया. Parde ki Duniya

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...