News Story. अनामिका ने बाइक कैब बुक कर ली थी. उस ने विजय को फोन किया, “आज हम राजघाट पर गांधी स्मृति लाइब्रेरी में मिलेंगे. मुझे आईएएस के लिए कुछ खास नोट्स बनाने हैं. आज पूरा दिन वहीं बीत जाएगा. तुम कब तक आओगे?”
“यार, आना तो मुझे भी है. मुझे भी कुछ नोट्स ही पढ़ने हैं. तुम कब तक वहां पहुंच जाओगी?” विजय ने पूछा.
“अगर ट्रैफिक नहीं मिला तो एक घंटे में,”उधर से जवाब आया.
“मतलब, 11 बजे तक तुम लाइब्रेरी में होगी. मैं शायद 12 बजे के बाद आऊंगा. थोड़ा काम है,” विजय बोला.
“क्या काम है?” अनामिका ने पूछा. “मम्मी ने औनलाइन कुछ सामान मंगवाया है. बस, उस की डिलवरी मिलते ही निकल लूंगा,” विजय ने बताया.
“ठीक है, तो हम लाइब्रेरी में मिलते हैं… मेरा बाइक राइडर आ गया है,” इतना कह कर अनामिका ने फोन काट दिया.
आज लाइब्रेरी में ज्यादा भीड़ नहीं थी. अनामिका और विजय के आईएएस कोचिंग के कुछ दोस्त वहां मिल गए. उन में अमित नाम का एक हैंडसम लड़का भी था. वह कट्टर ब्राह्मण था और खुद को शुद्ध रक्तवर्णी मानता था, पर लड़कियों पर लाइन मारने में नंबर वन था.
अमित काफी समय से अनामिका को डेट पर ले जाना चाहता था, पर चूंकि अनामिका के साथ हमेशा विजय होता था तो वह ज्यादा कुछ बोल नहीं पाता था. पर आज लाइन क्लियर थी.
“हैलो अनामिका, कैसी हो?” अमित ने पूछा.
“बढ़िया… तुम सुनाओ?” “एकदम मस्त. आज तुम्हारे साथ बैठ सकता हूं?” अमित बोला.
“क्यों नहीं. आजाद मुल्क है, जहां मरजी बैठो,” अनामिका ने कहा.
थोड़ी देर इधरउधर की बात कर के अमित सीधा मुद्दे पर आ गया, “सुनो, आज कहीं लंच पर चलें. सच कहूं तो यह बात मैं काफी समय से कहना चाहता था, पर आज मौका मिला है.”
“पर मुझे लंच पर ले जाने से तुम्हारा मतलब?” अनामिका अब थोड़ा हैरान थी.
“अनामिका, तुम मुझे बहुत पसंद हो. तुम्हारी ड्रैसिंग सैंस, बात करने का तरीका, पढ़ाई में अच्छा होना तारीफ के काबिल हो. दूर से ही लगता है कि किसी ऊंची जाति की लड़की हो,” अमित ने कहा.
“ओह, तो जनाब को पता चल गया कि मैं किस जाति की हूं. क्या कमाल की औब्जर्वेशन है तुम्हारी,” अनामिका बोली.
“बिलकुल, तो फिर चलें आज लंच पर?” अमित ने पूछा.
“पता है अमित, तुम्हारी सोच बहुत छोटी है. तुम ने मुझे अपनेआप ही जज कर लिया कि मैं किस जाति की हूं. मुझे बात करने का सलीका आता है, मैं पढ़ीलिखी हूं और खूबसूरत हूं तो तुम ने समझ लिया कि ऊंची जाति की हूं. पर ऐसा नहीं है, मैं मछुआरा समाज की लड़की हूं और मुझे अपने समाज पर गर्व है,” अनामिका बोली.
‘मछुआरा’ शब्द सुनते ही जैसे अमित के तनबदन में आग सी लग गई. वह उसे हिकारत से देखते हुए बोला, “तुम लोग भी इस लैवल पर आ गए हो. चार किताबें क्या पढ़ लीं, खुद को अंबेडकर समझने लगे. चाहे तुम कितना भी रिजर्वेशन ले लो, रहोगे तो मछुआरे ही.”
“अपनी जबान को लगाम दो. मुझे किसी से कम मत समझना. तुम्हारी सारी हेकड़ी अभी निकाल दूंगी. मुझ से मत उलझना वरना ठीक नहीं होगा,” अनामिका आगबबूला हो गई.
इतने में विजय वहां आ गया. अनामिका के गुस्से को वह जानता था. उस ने अमित से कहा, “ठंड रख यार, क्यों अनामिका से जलील होना चाहता है.”
अमित ने तुरंत अपनी किताबें उठाईं और पैर पटकता हुआ वहां से चला गया.
थोड़ी देर बाद अनामिका ने विजय को सारा मामला समझाया और बोली, “जब अमित जैसा पढ़ालिखा लड़का जातिवाद के जाल में उलझा हुआ है तो बाकी लोगों की सोच का तुम आसानी से अंदाजा लगा सकते हो. हमारे देश में एससी, एसटी, मुसलिम को लोग शायद इनसान ही नहीं समझते हैं.”
“ऐसा नहीं है. अब चीजें बदल रही हैं,” विजय ने कहा.
“नहीं यार, कुछ नहीं बदला. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और सियासी दल एससी और मुसलिम समाज को ही साधने में लगा कि किसी तरह इन के वोट मिल जाएं, फिर सत्ता की चाबी उस के हाथ मे होगी. चंद्रशेखर आजाद और असद्दुदीन ओवैसी का गठबंधन ही देख लो,” अनामिका बोली.
“अचानक तुम्हें चुनाव कैसे याद आ गए?”
“क्योंकि इसी समय नेताओं को वंचित समाज का खयाल आता है,” अनामिका ने कहा.
“अच्छा, तो अभी इसी पर बात करते हैं. अच्छा टौपिक है. इस नए गठबंधन पर कुछ रोशनी डालो,” विजय ने माहौल को हलका करते हुए कहा.
“चंद्रशेखर आजाद और असद्दुदीन ओवैसी की पार्टी के बीच सामाजिक परिवर्तन मोरचा के नाम से 12 नवंबर, 2026 को गठबंधन बना है. चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया है और दावा है कि यह मोरचा उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा,” अनामिका ने बताया.
“पर इस गठबंधन का मायने क्या है?” विजय ने सवाल किया.
“देखो, अगर चुनाव के साधारण से अंकगणित की बात करें तो यह 40 फीसदी वाला समीकरण. मतलब, उत्तर प्रदेश में तकरीबन एससी 21 फीसदी और मुसलिम 19 फीसदी यानी दोनों को जोड़ दें तो 40 फीसदी आबादी है.
“दोनों नेताओं का तर्क है कि इतनी बड़ी आबादी के बावजूद इन दोनों समाजों का अपना कोई मुख्यमंत्री नहीं बना, ये सिर्फ दूसरों को जिताने के लिए वोट देते रहे हैं. अब ये अपनी लीडरशिप बनाना चाहते हैं. इस गठबंधन की मेन रणनीति दलित और मुसलिम वोटरों को एक मंच पर लाने की है,” अनामिका ने जानकारी दी.
“अच्छा, फिर तो यह गठबंधन सपा और बसपा के लिए सीधी चुनौती है?” विजय ने शक जताया.
“चुनौती का तो नहीं कह सकते, पर अब तक मुसलिम वोट ज्यादातर सपा की तरफ और दलित वोट बसपा या सपा की तरफ जाता था. यह मोरचा उसी वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश है. इसी वजह से सपा इसे ‘वोट काटने वाला’ बता रही है, जबकि यह मोरचा कह रहा है कि सपा और कांग्रेस ने मुसलिमों को सिर्फ वोट बैंक समझा है, अधिकार वाले नागरिक नहीं.
“इतना ही नहीं, यह गठबंधन बसपा की खाली जगह भरने की कोशिश है.
बसपा 2022 में 1 सीट पर आ गई और अब उस के जीरो विधायक हैं. चंद्रशेखर उसी खाली दलित स्पेस को भरना चाहते हैं.”
“पर क्या इस से एससी और मुसलिम समाज का भला होगा?”
“एससी और मुसलिम समाज का आज तक किस ने भला किया है, जो अब होगा. पर इस गठबंधन के समर्थकों का मानना है कि पहली बार दलित मुख्यमंत्री चेहरा और मुसलिम पार्टी बराबर की हिस्सेदार है. वैसे, इन्होंने शिक्षा (12वीं तक मुफ्त), स्वास्थ्य, नौकरी, बुलडोजर कार्रवाई, आरक्षण को मुद्दा बनाया है.
“अगर ये लोग 10-20 सीटों पर भी मजबूत हुए, तो सपा और कांग्रेस को भी एससी और मुसलिम उम्मीदवारों को टिकट और मंत्री पद देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.
“पर इस गठबंधन से उत्तर प्रदेश में वोट बंटने का डर है. साल 2024 में मुसलिम और दलित वोट एकजुट हो कर सपा गठबंधन की तरफ गया था, तभी भाजपा को नुकसान हुआ. अगर अब यह वोट 2 जगह बंटा, तो सीधा फायदा भाजपा को हो सकता है. वैसे, भाजपा और सपा दोनों ने ही इस मोरचे को ले कर यही आरोप लगाया है.
“पर सब से ज्यादा बड़ा मुद्दा तो यह है कि एससी या मुसलिम वोटर को इस बात से कतई फर्क नहीं पड़ता कि सत्ता किस दल की है, बल्कि उसे चाहिए रोजगार की गारंटी. समाज में सिर उठाने की आजादी. उस के सिर पर पक्की छत हो और जो उसे हुनर आता है, उस के मुताबिक काम के पैसे मिलना.
“पर उसे मिला क्या है? धर्म की चाशनी चटा दी जाती है. एससी को तो ऐसे मंदिर के जाल में उलझाया जा रहा है कि वह रोजगार की बात ही न करे. कांवड़ यात्रा को अपना अंतिम लक्ष्य माने और कथा सुन कर खुद को धन्य समझ ले.
“दूसरी तरफ मुसलिम समाज को तो एकदम से अलगथलग कर दिया गया है. उन के मन में भर दिया गया है कि वे सिर्फ पंचर लगाने लायक हैं. वे भारत से ज्यादा पाकिस्तान को प्यार करते हैं, उन का एक ही मकसद है लव जिहाद कर के हिंदू लड़कियों को बरगलाना. बड़े दोयम दर्जे के नागरिक बन कर रह गए हैं वे,” अनामिका बोले जा रही थी.
“पर इन दोनों समाज की विधानसभा चुनाव में भागीदारी भी तो सब के सामने आनी चाहिए,” विजय बोला.
“देखो, मैं ने जितना भी इस बारे में खंगाला है तो यही समझ आया है कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 255, सपा को 111, अपना दल (एस) को 12, राष्ट्रीय लोकदल को 8, निषाद पार्टी व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 6-6 सीटें, कांग्रेस को 2, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 2 सीटें और बहुजन समाज पार्टी को एक सीट मिली थी.
“भाजपा के 59 विधायक एससी समाज से थे, पर एक भी मुसलिम समाज से नहीं था. सब से ज्यादा 84 ओबीसी तबके से थे. सपा को मिली 111 सीटों में से एससी समाज के 19-20, ओबीसी 60 और मुसलिम तबके के 34 विधायक बने थे. ओबीसी में भी 60 में से 24 सिर्फ यादव थे.
“बसपा का मामला सब से आसान है, क्योंकि 2022 में बसपा को पूरे उत्तर प्रदेश में सिर्फ एक सीट मिली थी. वह उम्मीदवार न तो एससी था, न ओबीसी और न ही मुसलिम. वह ठाकुर समुदाय से था. उसी उमाशंकर सिंह के निधन के बाद अब उत्तर प्रदेश विधानसभा में बसपा के जीरो विधायक हैं.
“कांग्रेस का भी आंकड़ा बहुत सीधा है, क्योंकि 2022 में कांग्रेस को पूरे उत्तर प्रदेश में सिर्फ 2 सीटें मिली थीं. एक विधायक जाट समाज का था दूसरी विधायक ब्राह्मण तबके से थीं.”
“तो क्या हर पार्टी के नेता खराब हैं और वे एससी और मुसलिमों को वोट बैंक से ज्यादा कुछ नहीं समझते हैं?” विजय से सुलगता सवाल किया.
“यह सवाल बहुत अहम है और इस का जवाब सिर्फ ‘नेता खराब हैं’ में नहीं है. इस के पीछे उत्तर प्रदेश की राजनीति का पूरा ढांचा है, क्योंकि इन की संख्या ही सब से बड़ी ताकत है, पर लीडरशिप सब से कमजोर है.
“उत्तर प्रदेश में एससी और मुसलिम के कुल वोटर तकरीबन 40 फीसदी हैं. कोई भी पार्टी सरकार बनाने के लिए इन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकती, लेकिन समस्या यह है कि इन दोनों समाजों में अपनी मजबूत, स्वतंत्र पार्टी लंबे समय तक नहीं रही. बसपा कमजोर हुई तो दलित वोट बिखर गया, जबकि मुसलिम समाज की कोई बड़ी राज्यस्तरीय पार्टी कभी बनी ही नहीं.
“जब किसी समाज का अपना नेता या अपनी पार्टी नहीं होती, तो दूसरी पार्टियां उसे ‘हमें ही वोट देगा, जाएगा कहां’ समझ कर चलती हैं. यही वोट बैंक की सोच है, क्योंकि इन का वोट एकतरफा पड़ता है.”
“तुम यह कैसे कह सकती हो?” विजय ने पूछा.
“जहां तक मुझे समझ आया है कि प्रदेश की पार्टियां सर्वे से जानती हैं कि मुसलिम वोट का 70-80 फीसदी अकसर एक ही पार्टी (कभी सपा, कभी बसपा, कभी कांग्रेस) की तरफ जाता है. दलित वोट भी लंबे समय तक बसपा की तरफ एकतरफा गया और जब वोट एकतरफा पड़ता है, तो पार्टी को लगता है कि काम करने की जरूरत नहीं, सिर्फ डर दिखाना काफी है, जैसे ‘हमें वोट नहीं दिया तो दूसरी पार्टी (भाजपा) जीत जाएगी’.
“इसी को राजनीति में ‘कैप्टिव वोट’ कहते हैं, क्योंकि टिकट देना का मतलब हिस्सेदारी देना नहीं होता,” अनामिका ने बताया.
“तो सभी सियासी पार्टियां चुनाव में क्या करती हैं?” विजय की जिज्ञासा बढ़ी.
“सीधी सी बात है कि मुसलिम बहुल सीट पर मुसलिम को टिकट दे दिया और एससी आरक्षित सीट पर एससी को टिकट दे दिया, लेकिन मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, संगठन का अध्यक्ष, बड़े मंत्रालय… बड़े फैसले लेने वाली जगहों पर इन समाजों को बहुत कम जगह मिलती है.
इस का मतलब यह है कि इन्हें टिकट देना आसान है, पर इन के साथ सत्ता बांटना मुश्किल है, इसलिए पार्टियां टिकट दे कर वोट ले लेती हैं, सत्ता नहीं बांटतीं, क्योंकि आर्थिक रूप से ये सब से ज्यादा निर्भर समाज हैं.
“यह बात जगजाहिर है कि एससी और मुसलिम समाज में गरीबी, बेरोजगारी, जमीन की कमी और शिक्षा की कमी औसत से ज्यादा है और जब कोउ समाज आर्थिक रूप से कमजोर होता है, तो उसे सरकारी योजना, नौकरी, राशन व आवास के साथसाथ पुलिस थाने में मदद के लिए नेता पर निर्भर रहना पड़ता है.
“पार्टियां इसी निर्भरता को वोट में बदल लेती हैं. नेता मदद नहीं, एहसान की तरह पेश करता है, क्योंकि डर की राजनीति सब से सस्ती है. उत्तर प्रदेश में सब से आसान चुनावी रणनीति यह रही है कि एससी तबके को कहा गया कि ‘तुम्हारे आरक्षण और संविधान को खतरा है’. मुसलिमों को कहा गया कि ‘तुम्हारी सुरक्षा को खतरा है’. यह डर उन के मन में गहरे तक बैठा दिया गया है,” अनामिका बोली.
“तो फिर यह सब बदलेगा कैसे?” विजय ने पूछा.
“जब तक एससी समाज या मुसलिम तबका एक ही पार्टी को ‘मजबूरी का वोट’ देना बंद कर के सवाल पूछेगा कि ‘तुम ने हमारे लिए किया क्या?’ साथ ही उन्हें अपनी मजबूत लीडरशिप भी बनानी होगी. सब से अहम बात यह कि जब वोट धर्म या जाति पर नहीं, बल्कि नौकरी, स्कूल, अस्पताल, जमीन और इज्जत पर पड़ेगा.”
“तुम ने सौ फीसदी सच कहा. हमारे देश में यह जो धर्म और जाति के नाम पर कट्टरपन बढ़ा है, उस पर लगाम लगनी चाहिए, तभी हम निर्माण की राह पर आगे बढ़ सकते हैं,” विजय ने कहा.
अनामिका हलके से मुसकराई और बोली, “चलो, मेरा सिर दर्द कर रहा है. एक अच्छी सी कौफी पिला दो.”




